भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों पर कांग्रेसियों ने टाॅफियां बांटकर भाजपा पर तंज कसे। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार को बड़े ही नायाब तरीके से घेरा और लोगों तक अपनी बात पहुंचाई। तेल की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस का गुस्सा मोदी सरकार पर फूटा। कांग्रेस नेता हिम्मत सिंह की अगुवाई में कांग्रेसियों ने सिटी के प्रेम नगर के पेट्रोल पंप के बाहर रोष प्रदर्शन किया।
कांग्रेसियों ने अपने विरोध प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा के अच्छे दिनों के दावों की हवा निकाली। पेट्रोल पंप से अपने वाहनों में तेल डलवाकर बाहर निकलने वाले वाहन चालकों को कांग्रेसियों ने टाफियां बांटकर अपना विरोध जताया। कांग्रेस नेता हिम्मत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जुमले बाजों की सरकार है। ये देश की जनता को अच्छे दिनों का नारा देकर सत्ता हथियाई थी। पहले इन्होंने देश पर नोट बंदी थोप दी और उसके बाद जीएसटी लागू करके देश की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी।
आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिर रही हैं और भारत में कीमतों का ग्राफ बढ़ रहा। मोदी जनता की जेब पर कैंची चलाकर अंबानी जैसे बड़े कारोबारियों और बैंकों को चूना लगाकर फरार हुए विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चौकसे जैसे लोगों का खजाना भरने का काम कर रही है। टाफियां बांटने के मकसद पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए हिम्मत सिंह ने कहा कि सरकार ने लोगों को अच्छे दिनों की ऐसी गोली दी कि जनता कड़वे घूंट पीने को मजबूर हो गई।
प्रेम नगर पेट्रोल पंप के बाहर रोष प्रदर्शन करते कांग्रेसी।