करोड़ों की डकैती करने वाला एक आरोपी बंगाल से गिरफ्तार
सवा साल पहले शहर के ब्रह्म रोड में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के आफिस में करोड़ों की हुई डकैती के मामले के आरोपी को कोतवाली पुलिस बंगाल से प्रोटक्शन वारंट पर लेकर शुक्रवार को अंबिकापुर लौट आई। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ के बाद जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है। आरोपी बंगाल के आसनसोल में हुई डकैती के मामले में शामिल रहा है। उसी मामले में बंगाल पुलिस उसे प्रोटक्शन वारंट में लेकर आसनसोल गई थी। कुछ दिन पहले ही आरोपी को बंगाल व छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त प्रयास से धनबाद में गिरफ्तार किया गया था। कोतवाली पुलिस मामले के आरोपी नित्यानंद पांडेय उर्फ सुनील निवासी नवदा बिहार से पूछताछ कर रही है। बताया गया है कि उसने मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के दफ्तर में हुई डकैती में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। वारदात को झारखंड के अंतर्राज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया था। मामले के चार अन्य आरोपी फरार है।
कट्टे की नोंक पर बदमाशों ने लूटा था करोड़ों का सोना
ब्रह्म रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड कंपनी के आफिस में 4 जनवरी 2017को दोपहर में हथियारबंद बदमाशों ने कट्टे की नोंक पर डकैती की थी। तब आफिस में कुछ ग्राहक भी थी। आरोपी आफिस में मौजूद कर्मचारियों व ग्राहकों को बंधक बनाने के बाद चेस्ट से सोना लूटकर फरार हो गए थे। जाने से पहले उन्होंने से सभी को एक कमरे में बंद कर दिया था।
बंगाल में रानीगंज में आरोपी ने 25 लाख की डकैती की थी
पश्चिमी बंगाल के रानीगंज में कुछ दिनों पहले 25 लाख की डकैती हुई थी। इसी सिलसिले में बंगाल पुलिस आरोपियों की तलाश में झारखंड गई थी। सीसीटीवी फुटेज से रानीगंज में हुई डकैती के मामले में उसी गिरोह के शामिल होने की बात सामने आई थी जिसने सवा साल पहले अंबिकापुर के मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के आफिस में डकैती की थी। इसके बाद अंबिकापुर पुलिस की एक टीम झारखंड के धनवाद गई थी।