बन रहे पुल के 40 फीट गड्ढे में गिरे बाइक सवार, 2 की मौत
उदयपुर/अंबिकापुर| बिलासपुर रोड में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात तारा के पास डायर्वसन रोड का पता नहीं चलने से तेज रफ्तार बाइक सवार तीन युवक निर्माणाधीन पुल के पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गए। सड़क से 40 फीट गिरने से दो युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि तीसरा सवार घायल हो गया। गड्ढे में कुछ पानी भी था पर नीचे कांक्रीट होने से उन्हें गंभीर चोट आई और जान चली गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर है। दोनों मृतकों का शव व बाइक गड्ढे से सुबह निकाला जा सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम डांड़गांव निवासी रोहन लाल 22 वर्ष, कुम्हार सिंह 21 वर्ष व खेल साय 22 वर्ष गुरुवार की देर रात मोरगा तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वे तारा के पास निर्माणाधीन पुल के गड्ढे में बाइक सहित 40 फीट गड्ढे में सड़क से सीधे नीचे जा गिरे। आवाज सुनकर उधर से गुजर रहे एक राहगीर की नजर पड़ी। उसने तारा पुलिस को सूचना दी। एएसआई प्रमोद पांडेय दलबल के साथ पहुंचे। पुलिस के जवान नीचे उतरे। खेल साय की सांसें चल रही थी। दोनों अन्य युवकों की गंभीर चोट आने से मौत हो गई थी।
बाइक व दोनों मृतकों का शव सुबह निकाला गया
रात में बारिश होने से दोनों मृतकों का शव निकालने में पुलिस को सफलता नहीं मिली। इससे पुलिस ने सुबह परिजनों की मदद से दोनों का शव बाहर निकलवाया। दोनों का शव व बाइक पुल के पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे में था। गड्ढे में कुछ पानी भी था और नीचे कंक्रीट की ढलाई हुई है। इससे अनुमान लगाया जा रहा हे ऊंचाई से गिरने के बाद नीचे कंक्रीट होने से गंभीर चोट आई होगी और उनकी मौत हो गई होगी।
डायवर्सन के किनारे स्टापर हाेता तो नहीं होता हादसा
तारा के पास निर्माणाधीन पुल के पास से ही निर्माण एजेंसी द्वारा डायवर्सन दिया गया है। निर्माणाधीन पुल व डायवर्सन के बीच दूरी काफी कम है। डायवर्सन के किनारे स्टापर भी नहीं लगाए गए हैं।यानी डायवर्सन पर थोड़ी से भी लापरवाही हुई तो मुश्किल से ही कोई बच सकता है। हादसे की एक यह भी वजह बताई जा रही है। इसके साथ बाइक सवारों के भी काफी रफ्तार में होने की आशंका जताई जा रही है।