पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को चोरी का आरोप लगाकर पीटा

प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को चोरी का आरोप लगाकर पीटा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर से लगे ग्राम सपना में गुरुवार की रात संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक को कुछ लोगों ने पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। रॉड से वार कर उसके सिर को फोड़ दिया। इसके बाद पंप चोरी का आरोप लगा पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने युवक की हालत को देखकर उसे रात में ही अस्पताल में भर्ती कराया।

मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने आस-पास पूछताछ की तो पता चला कि युवक का किसी से प्रेमसंबंध था और इसी को लेकर उसके ऊपर हमला हुआ था। हालांकि युवक व उसके परिवार के लोगों ने अभी किसी के ऊपर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। इससे पुलिस ने भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर युवक पर चोरी का आरोप लगाने वालों ने थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया ग्राम सुखरी निवासी एक 19 वर्षीय युवक गुरुवार की रात गांव से लगे ग्राम सपना गया था। यहां कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। रॉड से सिर को फोड़ दिया। देर रात ग्रामीणों ने गांधीनगर पुलिस को फोन कर यह बताया कि पंप चोरी करते एक युवक को उन्होंने पकड़ा है। पता चलने पर पुलिस गांव पहुंची तो वहां स्थिति देख हैरान हो गई। युवक खून से लथपथ बेहोश पड़ा था। पुलिस ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। मामला संदिग्ध होने पर ग्रामीणों से पूछताछ की तो पता चला कि युवक का गांव की एक युवती से प्रेमसंबंध था।

युवक और उसके परिजनों ने थाने में नहीं कराई रिपोर्ट
घटना के बारे मे युवक के परिजनों को शुक्रवार की सुबह पुलिस के बताने पर पता चला। परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक का पूरे दिन यहां इलाज चला फिर शाम को वे डिस्चार्ज होकर यहां से चले गए। मामले में उन्होंने पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। उधर चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करने वालों ने भी थाने में रिपोर्ट नहीं कराई है।

सनावल में बुआ के यहां रहकर करता है पढ़ाई
परिजनों के अनुसार युवक सनावल में अपनी बुआ के यहां रहकर वहां के शासकीय कालेज में बीए की पढ़ाई कर रहा है। वह बीए फर्स्ट इयर में है और उसकी परीक्षा चल रही है। गुरुवार को ही वह सनावल से अपने घर आया था। परिजनों के अनुसार रात में करीब 9 बजे खाना खाकर वह बिना बताए घर से निकल गया था। इसके बाद सुबह पुलिस से उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली।

रिपोर्ट नहीं की इसलिए अभी तक कार्रवाई नहीं
युवक व उसके परिजनों ने मामले में कोई रिपोर्ट नहीं कराई है। इसलिए अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा है। चोरी का आरोप लगाने वालों ने शिकायत नहीं की है। घायल युवक का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट आने पर मारपीट करने वालों पर कार्रवाई करेंगे। -इमानुएल लकड़ा, टीआई, गांधीनगर

खबरें और भी हैं...