पानी की समस्या के लिए टंकी बनवाने समाज ने की मांग
अंबिकापुर | सर्व यादव समाज की बैठक ग्राम पंचायत केशवपुर में आयोजित हुई। इसमें केशवपुर सहित हर्राटिकरा एवं भिट्टीकला के समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक में यादव समाज के लोगों द्वारा ब्लॉक अध्यक्ष आनन्द सिंह यादव को गांव की विभिन्न समस्याओं के बारे में बताया गया। उन्होंने गर्मी में पानी की हो रही समस्या को देखते हुए नल-जल योजना के तहत टंकी का निर्माण कराने की मांग की। जब तक टंकी का निर्माण नहीं हो जाता तब तक निगम के टैंकर से गांव में पानी व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया गया। तीनों गांवों के लोगों ने बताया कि उज्जवला योजना के तहत सभी को गैस कनेक्शन नहीं मिलने के कारण उन्हें खाना बनाने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी तरह वन क्षेत्रों में वर्षो से निवास कर रहे समाज के लोगों ने वन अधिकार पटटा प्रदान करने की मांग की है। बैठक के बाद अध्यक्ष ने इन समस्याओं को दूर करने के लिए कलेक्टर से मुलाकात करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक् में तीनों गांवों के समाज के लोग सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।