सिंहदेव बोले- जुमलों की राजनीति ज्यादा दिन की नहीं
अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के मंगलवार को यहां संभागीय सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला।
जिला कांग्रेस कार्यालय कोठीघर में हुए सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष व अंबिकापुर विधायक टीएस सिंहदेव ने कहा कि भाजपा जुमलों की राजनीति कर रही है लेकिन यह ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। देश में धर्म व जाति के नाम पर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेसियों को छत्तीसगढ़ और केंद्र से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए अभी से एकजुट होकर लग जाने का आह्वान किया। सम्मेलन में 24 अप्रैल को राहुल गांधी के सीतापुर दौरे को लेकर रणनीति बनाई गई। पार्टी के लोगों को अधिक से अधिक भीड़ जुटाने को कहा गया। नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री लाल किले से भी झूठे वादे ओर बातें कह रहे हैं। देश में विकट परिस्थितियां निर्मित की जा रही हैं लेकिन लेकिन इससे घबराने की नहीं डटकर मुकाबला करना होगा। अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शारिक रइस खान ने कहा अल्पसंख्यक वर्ग के लिए यूपीए सरकार ने बहुत सारी योजनाएं बनाई थी पर भाजपा के आने के बाद इन योजनाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे अल्पसंख्यकों को योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। हमें न सिर्फ योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यकों को मिले इस पर काम करना है, बल्कि इसके साथ-साथ लोगों को अपने साथ जोड़ते चलना है।
विधानसभा चुनाव और राहुल गांधी के कार्यक्रम पर हुई चर्चा, भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने एकजुटता पर जोर
सिंहदेव बोले बूथ और मजबूत करें, जीत हमारी तय: सम्मेलन में विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव ने पार्टी नेताओं से कहा कि समय कम है और अभी से तैयारियेां में जुट जाएं। बूथ जितना मजबूत करेंगे, कांग्रेस को उतना ही फायदा होगा और हमारी जीत कोई रोक नहीं सकता। अभी से एक-एक बूथ पर एक-एक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लग जाएं।
राहुल के दौरे को ऐतिहासिक बनाने का बनाया टारगेट
24 अप्रैल को सीतापुर में राहुल की सभा को कांग्रेस ऐतिहासिक बनाने में लग गई है। बैठक में राहुल दौरे को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष ने प्रकोष्ठ के नेताओं को बूथ लेवल तक जोर लगाने कहा ताकि अधिक से अधिक लोग जुटें। सीतापुर विधायक अमरजीत भगत ने कहा मेरे राजनीतिक जीवन के लिए इससे अच्छा अवसर कुछ नहीं हो सकता कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राहुल छत्तीसगढ़ दौरे पर सबसे पहले सीतापुर आ रहे हैं। हमारा लक्ष्य 50 हजार लोगों को जुटाने का है।