पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जाम में फंसे सरपंच की बाइक को ट्राले ने मारी टक्कर, पिता घायल, दिव्यांग बेटी की मौत

जाम में फंसे सरपंच की बाइक को ट्राले ने मारी टक्कर, पिता घायल, दिव्यांग बेटी की मौत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एनएच में पंडोनगर तिराहे के पास की घटना, परीक्षा दिलाने कॉलेज छोड़ने जा रहे थे

भास्कर संवाददाता|बिश्रामपुर

एनएच में पंडोनगर तिराहे पर बाइक रोककर गाड़ियों के निकलने का इंतजार कर रहे एक पिता-पुत्री को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्राला ने चपेट में ले लिया। तेज टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में पिता को हल्की चोट आई पर उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों की मदद से पिता बेटी को लेकर अंबिकापुर के निजी अस्पताल ले गए पर इससे पहले ही उसकी मौत हो गई थी। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम परसा निवासी अर्चना सिंह सिलफिली शासकीय कालेज में बीए प्रथम वर्ष में पढ़ती थी। छात्रा के पिता ग्राम परसा के सरपंच हैं। मंगलवार को उसकी परीक्षा थी। पैर से दिव्यांग अर्चना को पिता प्रताप भानु सिंह सुबह बाइक में कालेज छोड़ने जा रहे थे। पंडोनगर तिराहे के पास वाहनों की कतार होने से उन्होंने सड़क किनारे बाइक रोक दी। वे बाइक में ही वाहनों के निकलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर तरफ से कोयला लेकर आ रहे तेजरफ्तार ट्राले ने उन्हें चपेट में ले लिया। ट्राले की टक्कर से बाइक सहित दोनों सड़क पर गिर गए। इसमें अर्चना गंभीर रूप से घायल हो गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत: यह देखकर आस-पास के लोग पहुंचे। अर्चना बेहोश हो गई थी। आस-पास के लोगों की मदद से पिता प्राइवेट वाहन से उसे लेकर अंबिकापुर के श्रीराम अस्पताल पहुंचे पर इससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। यहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम कर प्रकरण जयनगर पुलिस को भेज दिया है।

कोल वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं: कोयला परिवहन करने वाले वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं है। इससे अक्सर हादसे हो रहे हैं। लखनपुर व उदयपुर क्षेत्र में स्थित कोल माइंस से कोयला लेकर ट्राला व दूसरे वाहन अंबिकापुर होते हुए कमलपुर व बिश्रामपुर रेलवे साइडिंग तक जाते हैं। एक दिन मंे ज्यादा ट्रिप लगाने के चक्कर में ये रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

सड़क चौड़ीकरण का चल रहा है काम: घटनास्थल पर वर्तमान में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इससे भी आवागमन प्रभावित रहता है। छात्रा के पिता ने बताया कि सड़क में गड्ढे होने के कारण वह वाहनों की आवाजाही के कारण उन्होंने बाइक किनारे में खड़ी की थी। फिर भी ट्राला ने चपेट में ले लिया।

खबरें और भी हैं...