महिला कांग्रेसी बोलीं- दोषियों पर कार्रवाई करो
कठुआ और उन्नाव में हुए अनाचार की घटनाओं के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को यहां काला दिवस मना विरोध प्रदर्शन किया। धरने में महिलाओं ने पीड़ितों को न्याय दिलाने व दोषियों को सजा दिलाए जाने की मांग की।
महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव नीति सिंहदेव ने कहा कि एक राजनैतिक पार्टी के रूप में भाजपा के लिए बेहद ही शर्म की बात है कि यूपी में अनाचार के आरोपी को वहां की सरकार बचाती है और न्याय की मांग करने गई पीड़िता को मुख्यमंत्री के निवास से भगा दिया जाता है। पीड़िता के पिता की थाने में हत्या कर दी जाती है। जब केन्द्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार है तो फिर मोदी और योगी बताएं कि यह कैसा रामराज है। नीता विश्वकर्मा ने कहा कि यह देश के लिए शर्म की बात है कि पीड़ितों को न्याय दिलाना छोड़ सरकार आरोपियों को बचा रही है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष संध्या रवानी ने कहा कि बेटियों के न्याय के लिए कांग्रेस निरंतर संघर्ष करती रहेगी और 2019 में सरकार को सबक सिखाया जाएगा। विरोध प्रदर्शन को सरगुजा प्रभारी रेखा त्रिपाठी, एआईसी सदस्य सीमा सोनी, नीतू शर्मा, गीता प्रजापति शामिल थीं।
कठुआ और उन्नाव कांड के विरोध में गांधी चौक पर पार्टी की महिलाओं ने दिया धरना
इधर मंगलवार को कई युवा कांग्रेस में शामिल हुए। विधायक टीएएस सिंहदेव व निगम के सभापति शफी अहमद ने सभी का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राकेश सिंह एवं सचिव अरविन्द पांडेय के प्रयास पर शुभम जायसवाल, राहुल सोनी के नेतृत्व में 50 से भी अधिक युवा कांगेस में शामिल हुए।
कई युवा कांग्रेस में शामिल