खाना खाने के बाद महिला को उल्टी के साथ पेट में दर्द, मौत
दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम परसाेढ़ी में मंगलवार की रात खाना खाने के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी होने के साथ पेट में तेज दर्द की शिकायत थी।
पता चलने पर परिजनों ने उसे मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ग्राम परसोढ़ी निवासी जुबल बाई 32 वर्ष मंगलवार की रात खाना खाकर घर में सोने गई। पति सहित परिवार के अन्य सदस्य भी सो गए। देर रात उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे उल्टी व पेट में दर्द की शिकायत थी। वह उठकर आंगन में टहलने लगी। पति की नींद खुली तो उसने पूछताछ की लेकिन उसने कुछ भी नहीं बताया। कुछ समय बाद वह काफी उल्टी करने लगी। यह देखकर पति ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उसे निजी वाहन से मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर में लाकर भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी कुछ समय बाद मौत हो गई। मामला संदेहास्पद होने से डाक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। डाक्टरों ने प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।