- Hindi News
- National
- राहुल का 24 को सरगुजा दौरा टला, अब मई में आने की संभावना, तैयारियां रोकी
राहुल का 24 को सरगुजा दौरा टला, अब मई में आने की संभावना, तैयारियां रोकी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का प्रस्तावित सरगुजा दौरा टल गया है। वे 24 अप्रैल को जिले के सीतापुर में आने वाले थे। मिशन 2018 के लिए यहां से चुनावी तैयारी का आगाज करने वाले थे और इस हिसाब से पार्टी तैयारियों में लगी हुई थे।
राहुल का दौरा टलने के पीछे कर्नाटक चुनाव मंें उनकी व्यस्तता कारण बताया जा रहा है। पार्टी नेताओं के अनुसार कर्नाटक चुनाव के बाद राहुल सरगुजा आएंगे। राहुल के कार्यक्रम के लिए तैयारियां चल रही थी कि इसी बीच खबर आई कि उनका दौरा रद्द हो गया है। पता चलते ही तैयारियां रोक दी गईं। सीतापुर में राहुल विशाल सभा को संबोधित करने वाले थे। इस सभा में 40 हजार लोगों को जुटाने का टारगेट दिया गया था ताकि चुनाव में कांग्रेस को इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम के लिए टेंट, पंडाल के लिए आर्डर कर दिया गया था जबकि बाकी तैयारियां भी शुरू हो गई थी। सभी जिलाध्यक्षों को अपने-अपने जिलों से भीड़ जुटाने के हिसाब से लगाया गया था। राहुल सीतापुर में दो घंटे रुकने वाले थे। मिशन 2018 के लिए राहुल का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा था।
राहुल के सरगुजा दौरे को लेकर सीतापुर व अंबिकापुर में 3 बार हो चुकी बैठक
राहुल गांधी का सरगुजा दौरा बनने के बाद नेता प्रतिपक्ष व अंबिकापुर विधायक टीएस सिंहदेव खुद इसकी तैयारियों में जुटे हुए थे। अंबिकापुर से लेकर सीतापुर में इस सिलसिले में तीन बार बैठक हो चुकी थी। राहुल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला छत्तीसगढ़ प्रवास तय हुआ था।