पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • युवक का कमरे में फांसी से लटका मिला शव, हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका

युवक का कमरे में फांसी से लटका मिला शव, हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गांधीनगर थाना के पटपरिया क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक युवक की उसी के घर में संदेहास्पद अवस्था में फांसी से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके दोनों हाथ पीछे रस्सी से बंधे हुए थे। घटना के बारे में सुबह उस समय पता चला जब मां उसके कमरे में गई। मामला आत्महत्या या हत्या का है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। दोनों हाथ पीछे बंधे होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस व अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पटपरिया निवासी सुनील मरावी 22 वर्ष बुधवार की सुबह उठाकर इधर-उधर टहलने के बाद अपने घर आया। मां बाहर में काम कर रही थी। सुनील अपने कमरे में चला गया। मां ननकी बाई घरेलू काम करने के बाद कमरे में गई तो बेटे का शव फांसी से लटका देखकर अवाक रह गई। शोर सुनकर ननकी का भाई और अन्य लोग पहुंचे। सुनील के दोनों हाथ रस्सी से पीछे कर बंधे हुए थे। सूचना पर सीएएसपी आरएन यादव, टीआई इमानुएल लकड़ा दलबल के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। हाथ पीछे बंधे हुए होने से पुलिस ने भी मामले को संदेहास्पद मानते हुए मां सहित अन्य लोगों सेे पूछताछ की लेकिन सुबह सुनील के कमरे में जाते हुए किसी के देखे जाने के बारे में पता नहीं चला। पुलिस ने हत्या व आत्महत्या, दोनों एंगल को लेकर जांच कर रही है। यदि आत्महत्या है तो इसका कारण भी अभी पता नहीं चला है।

दो बार पहले भी आत्महत्या की कर चुका था कोशिश

मृतक नशे का आदी था। इससे पहले भी दो बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। सात साल पहले उसने ब्लेड से अपने कलाई की नस काट ली थी। कुछ महीने पहले उसने अपने पैतृक गांव आरा कुंदी में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी लेकिन दोनों बार वह बच गया था। इससे पुलिस आशंका जता रही है कि उसने आत्महत्या की होगी।

पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट होगा

युवक ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या की गई है अभी यह स्पष्ट नहीं है। उसके दोनों हाथ पीछे पतली रस्सी से बंधे हुए थे। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। जिस रस्सी से हाथ को पीछे कर बांधा गया है वह काफी पतली है। बंधन भी ढीला था। इससे पुलिस आशंका जता रही है कि परिजनों को परेशान करने के लिए उसने पहले चारपाई पर चढ़कर फंदा बनाकर गले में डाला होगा। फिर सुतली की रस्सी से हाथ को पीछे कर किसी तरह बांधा होगा। पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।

मां व बड़े भाई के साथ मामा के घर में रहता था मृतक

सुनील अपनी मां ननकी बाई व बड़े भाई के साथ अंबिकापुर के पटपरिया में अपने मां के घर के एक हिस्से में रहता था। पुलिस ने बताया कि ननकी बाई की शादी धौरपुर थाना अंतर्गत ग्राम कुंदी में हुई थी। उसका पति शराबी है। इससे परेशान होकर 15 साल पहले दोनों बेटे को लेकर वह अपने मायके पटपरिया मंे आकर रहने लगी।

खबरें और भी हैं...