पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पुलिस कंट्रोल रूम व फायर स्टेशन का फोन नहीं लगा, इधर शार्ट सर्किट से जल गई बस

पुलिस कंट्रोल रूम व फायर स्टेशन का फोन नहीं लगा, इधर शार्ट सर्किट से जल गई बस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर से करीब दस किलोमीटर दूर अंबिकापुर रामानुजगंज मुख्य मार्ग में परसा के पास बुधवार की सुबह अंबिकापुर लौट रही दुर्गा ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस आग लगने से पूरी तरह जल गई।

गियर बदलते समय अचानक शार्ट सर्किट से चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेेट में आने के बाद खाक हो गई। बस में केवल ड्राइवर और खलासी थे। आग लगने के बाद दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई। बस मालिक का कहना है कि आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम और फायर स्टेशन में फोन लगाते रहे लेकिन फोन नहीं लगा। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि फोन ठप था।

दो दिन पहले यह बस मुख्यमंत्री के लुंड्रा के कार्यक्रम में गई थी। कार्यक्रम के बाद चालक बस लेकर घर चला गया था। बुधवार की सुबह अंबिकपुर लौटते हुए हादसा हो गया। बस मालिक का कहना है कि चालक से इसकी सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोंल रूम और फायर स्टेशन में कई बार फोन लगाया लेकिन वहां फोन नहीं लगा।

फोन की लाइन ही खराब थी। करीब एक घंटे बाद सुबह छह बजे दमकल टीम मौके पर पहंुची लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल चुकी थी। बस मालिक मुकेश गुप्ता ने बताया कि आस पास आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। दमकल समय पर पहंुच जाती तो बस बचाई जा सकती थी।

बस में केवल ड्राइवर और खलासी थे सवार जो बाल-बाल बचे

कार्यक्रम के बाद ड्राइवर बस लेकर चला गया था घर, वापस लौटते समय हुआ हादसा।

बस में रखा अग्निशमन यंत्र काम नहीं आया, व्यवस्था की थी कमी

बस में अग्नि शमन यंत्र था पर आग लगने के बाद जब चालक ने उसका उपयोग करना चाहा तो वो भी काम नहीं कर रहा था। आसपास आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। चालक व खलासी हड़बड़ी में कुछ समझ नहीं पाए कि क्या करें। मुख्य मार्ग पर बस में आग की तेज लपटें निकलने लगी तो लोग ने बुझाने कोशिश की पर नाकाम रहे।

2013 मॉडल की है बस: दमकल प्रभारी अंजनी तिवारी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम तत्काल वहां पहंुच गई थी। मौके पर जब पहंुचे, बस जल रही थी। टीम आग बुझाने में लग गई और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। बस मालिक का कहना है कि आगजनी से 13 लाख रूपए से अधिक का नुकसान हुआ है। यह बस 2013 माडल है। मालिक का कहना है कि इंश्योरेंस सहित सभी कागजात ओके हैं। बस स्पेयर में है इसलिए चालक सीएम के कार्यक्रम से लौटने के बाद घर चला गया था। घर में उसे कोई काम था। शादी का सीजन शुरू हो रहा है इसलिए बस में कुछ मेंटेनेेंस का काम था और इसीलिए चालक को सुबह ही बस लेकर बुलाया था।

108 में फोन लगाने पर भोपाल कनेक्ट हो रहा था

बस मालिक के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम और दमकल में फोन नहीं लगने पर 108 पर भी ट्राई किया लेकिन बार-बार फोन भोपाल कनेक्ट हो जा रहा था। इधर उनके साथी पुलिस कंट्रोल रूप व दमकल में लगातार फोन लगा रहे थे लेकिन कहीं फोन नहीं लग रहा था।

बीएसएनएल ठप था इसलिए नहीं लगा होगा फोन-एसपी

एसपी सदानंद कुमार ने बताया कि मंगलवार से ही बीएसएनएल की सेवा ठप थी इसलिए फोन नहीं लग रहा होगा। कंट्रोल रूप में इसी कंपनी के फोन हैं। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में मोबाइल भी है जिसका नंबर 9479193599 है। अगर कभी इस तरह की स्थिति बने तो मोबाइल पर सूचना दे सकते हैं।

खबरें और भी हैं...