- Hindi News
- National
- रायपुर में युवती की मौत के मामले में युवक ने किया समर्पण, पूछताछ करने को ले गई राजधानी पुलिस
रायपुर में युवती की मौत के मामले में युवक ने किया समर्पण, पूछताछ करने को ले गई राजधानी पुलिस
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
रायपुर के एक होटल में अंबिकापुर की एक युवती की संदिग्ध अवस्था में शव मिलने के मामले के संदेही युवक विपिन दुबे ने सोमवार की रात गांधीनगर थाने में समर्पण कर दिया। विपिन ने पुलिस की पूछताछ में दावा किया है कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। जब वह कमरे में पहुंचा तो काफी डर गया था और युवती के शव को फांसी से उतारकर कमरे के बेड पर लिटाकर वहां से फरार हो गया था। युवती से उसका प्रेमसंबंध था और उसकी मौत के बाद वह भी अात्महत्या करना चाहता था लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाया। जब मामले में उसका नाम संदिग्ध के रुप में आने लगा तो उसने गांधीनगर थाने में समर्पण कर दिया। रायपुर पुलिस मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर यहां से लेकर चली गई।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या से जुड़ा है या फिर आत्महत्या है। रायपुर पुलिस फिलहाल में मामले में 302/306 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रायपुर के स्टेशन रोड स्थित यांत्रिक होटल के कमरे में रविवार को अंबिकापुर निवासी अपूर्वा तिवारी नामक युवती का शव मिला था। वह वहां अंबिकापुर के ही नमनाकला निवासी विपिन दुबे नामक युवक के साथ 11 मई को रुकी थी। समर्पण के बाद विपिन ने पुलिस को जो बयान दिया है उसके अनुसार वह 12 मई की सुबह किसी काम से होटल से बाहर गया था। कुछ दूर बाद लौटा तो युवती कमरे में नहीं थी। कमरे का बाथरुम अंदर से बंद था। बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो युवती ने शावर में गमछे के सहारे फांसी लगा ली थी। उसकी मौत हो गई थी। इससे वह काफी डर गया था और युवती के शव को फांसी से उतारकर बेड पर लिटाकर होटल से भाग गया। वह घटना से दुखी होकर खुद आत्महत्या करना चाहता था लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाया और एक ट्रक मंे लिफ्ट लेकर सोमवार को अंबिकापुर पहुंचा। इसके बाद सीधे गांधीनगर थाने पहुंचा।
आरोपी विपिन।
शादी के लिए युवती बना रही थी दबाव: दोनों के बीच कई साल से प्रेमसंबंध था। युवक की शादी हो चुकी है। युवती के घरवालों ने उसकी शादी भी फाइनल कर दी थी। मई में उसकी सगाई हुई थी पर वह शादी के लिए तैयार नहीं थी। वह विपिन से शादी करना चाहती थी। उसी के कहने पर दोनों आउटिंग में 10 मई की रात अंबिकापुर से रायपुर पहुंचे। विपिन ने अपने घर में यह बताया था कि वह बिलासपुर में अपने दोस्त के यहां जा रहा है जबकि युवती ने घरवालों को किसी परीक्षा के सिलसिले में रायपुर जाने की जानकारी दी थी।
वाट्सएप पर आत्महत्या का किया था मैसेज
विपिन ने घटना के बाद वाट्सएप पर दोस्तों व परिवार वालों को अपने आत्महत्या के संबंध में रविवार को मैसेज भी किया था। वाट्सएप के मैसेज को पढ़कर परिवार वालों को पता चला था और उन्होंने रविवार की शाम को गांधीनगर थाने में उसके गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसके मोबाइल की भी जांच कर रही है।