भालू ने हमला किया तो पोते को बचाने आ गया सामने, लोग पहुंचे तो बची जान
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
प्रेमनगर थाना अंतर्गत ग्राम पर्वतपुर में सोमवार की शाम को बस से उतरकर अपने पांच साल के पोते के साथ पैदल घर जा रहे एक ग्रामीण पर गांव के पास ही अचानक भालू ने हमला कर दिया।
यह देखकर पोते को बचाने ग्रामीण सामने आकर उससे भिड़ गया। इसी बीच शोर सुनकर गांव के लोग पहुंच गए जिससे भालू वहां से भाग गया। इससे उनकी जान बच गई। भालू ने ग्रामीण के हाथ व शरीर के अन्य हिस्से को नोंच दिया था। परिजनों ने उसे मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज चल रहा है। ग्राम पर्वतपुर के पोलाडाकर निवासी 45 वर्षीय शिवनंदन राम सोमवार की शाम को अपनी बेटी को उसके ससुराल ग्राम दवना छोड़कर बस से शाम को अपने गांव से कुछ दूरी पर उतरा। साथ में उसका पांच वर्षीय पोता उमेश भी था। दोनों पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में भालू ने उनके ऊपर हमला कर दिया। शिवनंदन पोते को बचाने के लिए सामने आकर भालू से भिड़ गया। उसने बचाने के लिए अावाज लगाई। वह कुछ देर तक भालू से संघर्ष करते रहा। इसी बीच शोर सुनकर लाठी डंडा लेकर ग्रामीण पहुंचे तो भालू उन्हें छोड़कर भाग गया। इभालू के हमले में शिवनंदन घायल हो गया था। भालू ने उसके हाथ व शरीर के अन्य हिस्से को नोंच दिया था।
अस्पताल में भर्ती घायल।