फांसी से लटका मिला छात्रा का शव
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
शहर के मायापुर मोहल्ले में मंगलवार की सुबह किराए के घर में रहकर पढ़ने वाली एक कालेज की छात्रा का उसी के कमरे फांसी से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा यहां अपने छोटे भाई के साथ रहती थी। गर्मी की छुट्टी होने से भाई कुछ दिन पहले ही अपने गांव लुंड्रा चला गया था। छात्रा यहां अभी अकेली थी। घटना के बारे में मंगलवार की सुबह उस समय पता चला जब उसकी एक सहेली मिलने के लिए पहुंची। आवाज नहीं आने के बाद पड़ोसी की मदद से उसने पीछे से झांक कर देखा तो अंदर से तीखी गंध आ रही थी। पुलिस के पहुंचने के बाद दरवाजा खोला गया तो अंदर कमरे में उसका शव फांसी से लटका हुआ था। शव सड़ने लगा था। आत्महत्या के कारण का पता नहीं चला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस संभावना जता रही है कि छात्रा ने 13 मई को ही फांसी लगा ली होगी। दो दिन होने से गर्मी के कारण शव सड़ने लगा था।
लुंड्रा निवासी 20 वर्षीय मीनू सिंह उर्फ नम्रता सिंह पिता शिवचरण सिंह अंबिकापुर के मायापुर मोहल्ले में किराए के घर में कालेज में पढ़ रही थी। वह बीए फर्स्ट इयर में थी। साथ में उसका छोटा भाई भी रहता था लेकिन गर्मी की छुट्टी होने के बाद कुछ दिन पहले ही वह लुंड्रा परिजनों के यहां चला गया है। इससे मीनू यहां अकेली ही थी। मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे उसकी सहेली अंजली उससे मिलने के लिए घर पहुंची। घर के सामने का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने अावाज लगाई। दरवाजे को खटखटाया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। आवाज सुनकर पड़ोसी युवक सुनील पहुंचा। सुनील के साथ अंजली पीछे से देखने के लिए गई तो मीनू के कमरे के अंदर से तीखी बदबू आ रही थी। संदेह पर उन्होंने पुलिस को बुलाया।
दरवाजा तोड़ घुसी पुलिस शव से आ रही थी बदबू
पुलिस दरवाजे को तोड़कर आस-पास के लोगों के साथ अंदर गई तो कमरे में मीनू का शव फांसी से लटका हुआ था। उसने गमछे से छत में लगे हुक के सहारे फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। कमरा 13 मई से बंद था। शव से बदबू आ रही थी।
कमरे से नहीं मिली मामले से जुड़ी कोई चीज
घटना की सूचना पर छात्रा के परिजन भी कुछ देर बाद पहुंच गए। परिजनों के साथ पुलिस ने कमरे की तलाशी ली लेकिन वहां से मामले से जुड़ी कोई चीज नहीं मिली। परिजन भी अभी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। इससे आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है।