पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • द्रोणिका के साथ चक्रवात बनने से बरस रहे बादल, शहर में 17 मिमी गिरा पानी, अांधी बारिश की फिर संभावना

द्रोणिका के साथ चक्रवात बनने से बरस रहे बादल, शहर में 17 मिमी गिरा पानी, अांधी-बारिश की फिर संभावना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रदेश में एक साथ दो सिस्टम बनने से मौसम का मिजाज बदल गया है और आंधी के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र तक द्रोणिका बनने के साथ पूर्वी बिहार में हवा के निचले स्तर पर चक्रवात बन गया है। इससे सरगुजा संभाग में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। सोमवार की शाम को इसी के असर से शहर सहित पूरे संभाग में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई थी। इससे शहर में 17 मिमी पानी गिरा। बारिश से अधिकतम तापमान सामान्य से जहां 5 डिग्री वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.7 व न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे मौसम कुछ ठंडा हो गया है।

बेमौसम बारिश व आंधी से सब्जी की फसलों को नुकसान हो रहा है। साथ ही बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। रविवार की शाम को चली तेज हवा व बारिश से शहर की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई थी। नमना सब स्टेशन में शार्टसर्किट से पूरे शहर की सप्लाई बंद हो गई थी। इसके साथ कई जगह इंसुलेटर व तार टूट गए थे। फाल्ट को सुधारने में विद्युत विभाग को घंटों लग गए। रात 12 बजे तक आधे शहर में ही सप्लाई शुरू हो पाई थी। सुबह दोबारा काम शुरू हुआ तो पूरे शहर की बिजली सप्लाई शुरू हुई।

अप्रैल से अभी तक 92 मिमी हो चुकी है बारिश

मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच हो रही बारिश से मई में अभी तक 66.1 मिली वर्षा हो चुकी है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में भी 27. 7 मिमी बारिश हुई थी। इससे अप्रैल से अभी तक शहर में 91.8 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है। इससे जब तेज धूप हो रही है तो स्थानीय प्रभाव से भी बारिश हो रही है।

सरगुजा में अगले दो दिनों तक बारिश की बनी रहेगी संभावना

पीएल देवांगन, मौसम वैज्ञानिक, मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर ने बतायाकि उत्तर प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र तक बनी द्रोणिका के साथ पूर्वी बिहार में चक्रवात बना है। चक्रवात का केंद्र बिहार में सीमावर्ती क्षेत्र में होने से इसका प्रभाव सरगुजा संभाग पर ज्यादा है। हालांकि अब यह कमजोर हो रहा है फिर भी अगले दो दिनों तक सरगुजा में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।

खबरें और भी हैं...