दिव्यांगों, बुजुर्गों की मदद के लिए टोल फ्री नम्बर 104 जारी
अंबिकापुर| समाज कल्याण द्वारा दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, विधवा परित्यक्त व तृतीय लिंग वर्ग के व्यक्तियों को शासन की योजनाओं की जानकारी उनकी समस्याओं के निराकरण व उन्हें परामर्श देने टोल फ्री नम्बर 104 स्थापित किया गया है। कलेक्टर किरण कौशल ने इन वर्गो के लोगों से टोल फ्री नम्बर में संपर्क कर समाज कल्याण विभाग से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी समस्या से अवगत कराने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया है कि इस टोल फ्री नम्बर पर कोई भी व्यक्ति 24 घंटे टेलीफोन पर समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी ले सकता है। 104 सहायता नम्बर से दिव्यांगता के संबंध में स्वास्थ्यगत परामर्श, पुनर्वास सेवाएं व संसाधन, छात्रवृत्ति, शासकीय अथवा निजी रोजगार के लिए सुविधा, पेंशन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उप संचालक जेपी चौबे ने बताया है कि दिव्यांगजनों को इस टोल फ्री नम्बर पर उन्हें मिलने वाली सुविधाएं तथा किसी भी परेषानी की भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका निराकरण विभाग की ओर से समय-सीमा में किया जाएगा। यह दूरभाष नम्बर सहायता केन्द्र सह मार्गदर्शन केन्द्र के रूप में कार्य करेगा। सहायता नम्बर 104 में वरिष्ठ नागरिकों व माता-पिता भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाली विभिन्न सुविधाएं, पेंशन, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा, वृद्धाश्रम, देखभाल केन्द्र, स्वास्थ्य उपचार व परामर्श, शिकायत के संबंध में जानकारी व सुझाव प्राप्त किया जा सकता है।