ओएचई तार टूटने के कारण देर रात ढाई बजे रवाना हुई दुर्ग ट्रेन
बिश्रामपुर| सोमवार देर शाम आई आंधी व बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। इस दौरान अंबिकापुर-अनूपपुर ट्रैक मेंंे ओएचई तार पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का आवागमन घंटों प्रभावित रहा। इस कारण शहडोल ट्रेन देर रात अंबिकापुर पहंुचा। इसे रात करीब ढाई बजे दुर्ग के लिए रवाना किया गया। जबलपुर ट्रेन भी इस चक्कर में काफी देर से अंबिकापुर पहंुची।
बताया गया कि आंधी-पानी के दौरान उदलकछार के पास ओएचई तार पर पेड़ गिरने से वह क्षतिग्रस्त हो गया। करंट सप्लाई बंद होने से इस रूट पर जहां-तहां ट्रेनें खड़ी हो गई। इस चक्कर में रात सवा आठ बजे अंबिकापुर पहंुचने वाली शहडोल ट्रेन छह घंटे देरी से रात 1.53 बजे अंबिकापुर पहंुची। इसे देर रात दो बजकर पच्चीस मिनट पर दुर्ग के लिए रवाना किया गया। वहीं रात 11 बजे पहंुचने वाली जबलपुर अंबिकापुर ट्रेन तड़के पौने तीन बजे पहंुची।
देर रात ग्यारह बजे अंबिकापुर पहंुचने वाली ट्रेन के पौने तीन बजे पहंुचने एवं रनिंग स्टाफ को पर्याप्त आराम नहीं मिलने के कारण इस ट्रेन को घंटे भर विलंब से अंबिकापुर से रवाना किया गया। सुबह सवा छह बजे की जगह यह ट्रेन सात बजकर आठ मिनट पर जबलपुर के लिए रवाना हुई। इस चक्कर में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।