शिक्षाकर्मियों की नई मुहिम वाल पेंटिग और सेल्फी विथ कम्यूनिटी
भास्कर संवाददाता |अंबिकापुर
शिक्षाकर्मियों ने संविलियिन को लेकर अनूठी मुहिम छेड़ दी है। यह अभियान सरगुजा के मैनपाट से शुरू हुआ और देखते ही देखते बस्तर तक पहंुच गया है। इसके तहत दीवारों पर विधानसभा मिशन हमारा संविलियन लिख वहां के समुदाय के साथ सेल्फी ली जा रही है। अब पूरे प्रदेश के शिक्षाकर्मी आगे बढ़ कर इस अभियान से जुड़ रहे हैं। महिला शिक्षाकर्मी भी आगे बढ़ कर स्वयं वाल पेंटिंग बना रही हैं।
शिक्षक पंचायत नगरीय निकाय मोर्चा के प्रदेश सह संचालक हरेंद्र सिंह ने बताया कि संविलियन के लिहाज से शिक्षाकर्मी मौजूदा वक्त में सबसे अहम लड़ाई लड़ रहे हैं। हर दिन नए आइडिया के साथ शिक्षाकर्मी अपने आंदोलन में धार लाने और मुहिम में आम लोगों को जोड़ते जा रहे हैं। शिक्षाकर्मियों के आंदोलन का मुहिम बनना ही सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। हरेंद्र सिंह ने बताया कि महापंचायत में हुए फैसले के बाद 26 मई को संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। सभी विधानसभा मुख्यालय में संकल्प सभा का आयोजन होगा। उससे पहले मोर्चा के संचालक संजय शर्मा के आह्वान पर विधानसभा मिशन , हमारा संविलियन अभियान चल रहा है। मोर्चा के जिला संचालक मनोज वर्मा ने बताया कि ज्यादातर विधानसभा खासकर ग्रामीण अंचल में संविलियन की मांग को लेकर शिक्षाकर्मियों ने वाल पेंटिंग बनाकर अपनी भावनाओं और मांगों को आम जनता के बीच ले जाने का अभियान शुरू किया है। इसे लोगों का समर्थन भी मिल रहा है।
अब पूरे प्रदेश के शिक्षाकर्मी इस अभियान से जुड़ रहे
अबकी बार संविलियन वाली सरकार: वाल पेंटिंग के साथ-साथ लोग वोटिंग फिंगर शो कर यह संकेत दे रहे हैं कि अबकी बार संविलियन वाली सरकार। छत्तीसगढ़ पंचायत नगरीय निकाय मोर्चा के मीडिया प्रभारी कमलेश सिंह ने मैनपाट से वाल पेंटिंग के मुहिम की शुरुआत करते हुए प्रदेश भर के शिक्षाकर्मियों से आग्रह किया कि वे आगे बढ़ कर इस मुहिम से जुड़ें और संविलियन की लड़ाई में हाथ बटाएं। उन्होेंने कहा कि इस बार की लड़ाई निर्णायक है।