पहाड़ी कोरवा ग्रामीण की बदमाशों ने कर दी हत्या, बकरियां भी गायब
अंबिकापुर | शहर से लगे ग्राम मानिकप्रकाशपुर में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात घर में सो रहे एक पहाड़ी कोरवा ग्रामीण की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी।
वह घर में अकेले ही रहता था। घटना के बारे में सुबह उस समय पता चला जब गांव का एक युवक उसके घर पहुंचा। दरवाजे के पास बिस्तर पर सोनसाय कोरवा 45 वर्ष का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसकी आधी बकरियां भी नहीं थी। पुलिस ने आस-पास पूछताछ की लेकिन आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीण की कोई संतान नहीं थी। उसकी प|ी की भी काफी समय पहले मौत हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोनसाय का पीएम आवास योजना में लगभग एक साल पहले बस्ती से दूर मिरगाडांड़ की पहाड़ी पर घर बना था। वह अपने घर में अकेले ही रहता था। जीवकोपार्जन के लिए वह बकरी पालन का काम करता था। उसके पास 50 से अधिक बकरियां थी। मंगलवार की शाम को ग्रामीणों ने उसे देखा था। वह बकरियों को लेकर अपने घर के पास ही था। सुबह उसकी हत्या की बात का पता चलने पर ग्रामीण पहुंचे तो घर में आधी ही बकरियां थी। वह बकरियों को बांधकर नहीं रखता था। इससे पुलिस आशंका जता रही है कि सुबह कुछ बकरियां इधर-उधर चली गई होंगी या फिर हत्या के बाद आरोपी ही कुछ बकरियां लेकर चले गए होंगे। सोनसाय के घर से गांव के सुखन काेरवा के घर तक बिजली का तार खींचकर गया है। सुखन के घर में रात में बिजली नहीं थी। इससे सुबह वह पता करने के लिए सोनसाय के घर पहुंचा तो वहां की स्थिति देखकर उसके होश उड़ गए। दरवाजे के पास बिस्तर पर सोनसाय का शव खून से लथपथ पड़ा था। पता चलने पर अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए। सूचना पर टीआई विनय सिंह दलबल के साथ पहुंचे। पुलिस ने आस-पास जांच की लेकिन कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों से पूछताछ में बकरियां कम होने की बात सामने आई।