पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • होटल में आग लगने के बाद बिजली बंद करने में लगाए घंटे भर, पूरा सामान खाक

होटल में आग लगने के बाद बिजली बंद करने में लगाए घंटे भर, पूरा सामान खाक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिजली आफिस के फ्यूज काल सेंटर में फोन नहीं किया रिसीव

लाइन बंद कर चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया नियंत्रण

भास्कर संवाददाता|अंबिकापुर

ब्रह्म रोड में शुक्रवार-शनिवार की देर रात एक होटल में आग लग गई। पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी उधर से रात में गुजरी तो घटना के बारे में पता चला। उसने फायर ब्रिगेड को बुलाया गया लेकिन बिजली सप्लाई बंद करने में ही घंटे भर लग गए।

बिजली विभाग के फ्यूज काल संेटर में किसी ने फोन नहीं उठाया तो दमकल कर्मी बिजली आफिस से कर्मचारी को ले आए। तब तक आग काफी फैल गई। फायर बिग्रेड को आग पर नियंत्रण पाने में लगभग चार घंटे लग गए। काफी मशक्कत के बाद होटल में ही आग पर काबू तो पाया लिया गया लेकिन वहां रखा पूरा सामान व इंटीरियर जलकर नष्ट हो गया था। आग कैसे लगी इसके बारे में पता नहीं चला है। होटल संचालक ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताते हुए इससे लगभग50 लाख का नुकसान होना बताया है। सत्तीपारा निवासी अंचल उपाध्याय का ब्रह्म रोड में रुद्र मिष्ठान होटल है। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे वे होटल बंदकर घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात होटल में आग लग गई। रात सवा एक बजे उधर से पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी गुजरी होटल के अंदर से धुआं निकल रहा था। पीछे तरफ अंदर लपटें भी दिख रही थी।

सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची लेकिन बिजली सप्लाई बंद नहीं होने से घंटे भर खड़ी रही

भोर में फायर ब्रिगेड वाले लौटे तो फिर पकड़ ली आग

आग पर काफी मशक्कत के बाद भोर में करीब पांच बजे वहां से दमकलकर्मी वापस गाड़ी लेकर अपने आफिस आ गए। इसके कुछ समय बाद ही होटल में फिर आग सुलग गई। वहां से फिर सूचना आई तो दमकल कर्मी आनन-फानन में वापस लौटे। उन्होंने आधे घंटे के अंदर ही आग पर नियंत्रण पा लिया।

इंटीरियर में होटल संचालक ने खर्च किए थे लाखों रुपए: होटल के इंटीरियर में ही संचालक ने लाखों खर्च किए थे। इंटीरियर में प्लाईवुड व फाइबर के सामान थे। आग के तेजी से फैलने की वजह भी यह बताई जा रही है। आग पीछे तरफ लगी थी पर देखते ही देखते आग बढ़ गई। अंदर पूरा धुआं भी फैल गया था। इससे दमकल कर्मियों को अंदर जाने में दिक्कत हुई।

होटल संचालक ने शार्ट सर्किट से आग लगने की जताई आशंका

आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है। होटल संचालक के पिता रामनिवास उपाध्याय ने बताया रात 11 बजे होटल बंद कर सभी घर आ गए थे। अंदर लाइट बंद थी। गैस सिलेंडर भी बाहर रखे थे। उनके पुत्र अंचल ने थाने में जो रिपोर्ट की है उसमें उन्होंने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।

नियंत्रण पा लिए जाने से टल गया बड़ा हादसा

आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। जिस होटल में आग लगी थी, उससे लगी कई दुकानें व आस-पास घर हैं। यदि आग होटल से बाहर फैलती तो दूसरी दुकाने व घर इसकी चपेट में आ सकते थे। बिजली बंद होने के बाद समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने भी इस पर काबू पा लिया।

बिजली आफिस से कर्मचारी को बुलाकर लाए तब बंद हुई लाइन

फायर ब्रिगेड की टीम के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही उन्होंने करीब सवा एक बजे बिजली आफिस में फोन किया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। वे घटना स्थल पहुंच गए लेकिन लाइन चालू थी। वहां से भी कई बार फोन किया गया लेकिन िबजली आफिस में किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद वे खुद बिजली आफिस गए और वहां से एक कर्मचारी को लेकर आए। इसके बाद उसने ट्रांसफार्मर से लाइन बंद की। फिर काफी मशक्कत के बाद होटल के अंदर ही आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

फोन नहीं रिसीव करने की कराएंगे जांच

काल सेंटर में फोन रिसीव नहीं करने की जानकारी मुझे नहीं है। इसके बारे में जब विभाग को देर रात पता चला तो सही लोकेशन पता नहीं होने से लगभग 2.20 बजे एक साथ तीन फीडर की लाइन बंद करा दी गई थी। फोन रिसीव नहीं करने की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करेंगे। -एसपी कुमार, कार्यपालन यंत्री, विद्युत विभाग शहर

खबरें और भी हैं...