भास्कर संवाददाता|राजपुर/बलरामपुर
बलरामपुर जिले में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के कार्यक्रम के एक दिन पहले पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को चुनौती देते हुए चोरों ने शुक्रवार-शनिवार की रात राजपुर व बलरामपुर में दो जगह वारदात कर दी। चोरों ने राजपुर में एनएच में स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर आठ लाख के टायर पार कर दिए वहीं बलरामपुर में एक व्यवसायी के घर से जेवर व नगदी चोरी कर कर फरार हो गए। चोरी के बारे में सुबह पता चला। टायर दुकान की दो दिन बाद ही 21 मई को ओपनिंग होनी थी। इसी के लिए संचालक ने शुक्रवार को ट्रक से सामान मंगवाया था। घटना से पुलिस की पेट्रोलिंग की पोल खुल गई है। हालांकि राजपुर पुलिस ने आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सामान बरामद कर लेने का दावा किया है।
राजपुर निवासी विकास बंसल ने एनएच अंबिकापुर रोड में टायर की दुकान खोलने की तैयारी की थी। दुकान की ओपनिंग 21 मई को होनी थी। दुकान में चार पहिया व भारी वाहनों के टायर स्टोर करने का काम चल रहा था। शुक्रवार को एक ट्रक से टायर लाकर दुकान में रखे गये थे। वे रात में दुकान बंदकर घर चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और 50 टायर चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए टायर बोलेरो, पिकप व ट्रक के थे। सुबह जब श्री बंसल मार्निंग वाक में दुकान तरफ पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था। इसके बाद चोरी का पता चला। उन्होंने शटर उठाकर देखा तो आधे से ज्यादा टायर गायब थे। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आस-पास तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
माल वाहक में टायर लोडकर ले जाया गया
दुकान से इतनी बड़ी मात्रा में टायर चोरी होने से आशंका जताई जा रही है कि चोर ट्रक व कोई दूसरा बड़ी माल वाहक लेकर आए होंगे। दुकान से टायर निकालने के बाद उसमें लोडकर वहां से तेजी से फरार हो गए होंगे। वारदात में दो से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रही है।
बलरामपुर में व्यवसायी के घर में चोरी
बलरामपुर में कलेक्टोरेट से लगभग 100 मीटर दूर स्थित विश्वनाथ सोनी के घर में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। जानकारी के अनुसार विश्वनाथ सोनी परिवार के साथ घर में सोए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और पेटी व आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवर व नगदी लेकर फरार हो गए। परिवार के सदस्य सुबह उठे तो चोरी के बारे में पता चला। कुल चोरी लगभग एक लाख की बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आस-पास जांच की लेकिन वहां से कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोनों जगह पुलिस थी अलर्ट फिर भी वारदात
यात्रा के तहत मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का शनिवार को बलरामपुर व राजपुर में कार्यक्रम था। राजपुर में तो वे रात में रूकेंगे भी। इससे पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से तैयारियां कर रही थी। इसके लिए न केवल बाहर से पुलिस बल बुलाया गया है बल्कि पुलिस की हर इलाके में दो दिन से पेट्रोलिंग चल रही है। इसके बाद भी मेन रोड की दुकान से चोरी हो गई। इससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।