अंबिकापुर| रविवार की रात अग्रसेन चौक के पास बाइक की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। वहीं एक अन्य सड़क हादसे में सूरजपुर जिले व बिश्रामपुर के पास रविवार की देर शाम को अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। दोनों घायलों को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जशपुर जिले के बागबहार निवासी कृष्णा राम 28 वर्ष अंबिकापुर में रहकर ड्राइविंग का काम करता है। रविवार की रात वह अग्रसेन चौक के पास अपनी बाइक खड़ी कर सड़क किनारे मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। आस-पास के लोगों की मदद से दुर्घटनाकारी बाइक सवार ने उसे मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरा हादसा रविवार की देर शाम को बिश्रामपुर व जयनगर के बीच हुआ। ग्राम कैलाशपुर निवासी सुखमने बाई 45 वर्ष रविवार की देर शाम को बिश्रामपुर से साइकिल में अकेले घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप का ड्राइवर टक्कर मारते हुए फरार हो गया। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गई। आस-पास के लोगों ने उसे बिश्रामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। पता चलने पर परिजन भी पहुंच गए।