पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खंभे व तार टूटने से कई इलाकों में दूसरे दिन भी बंद रही बिजली, आसपास के गांवों में भी ब्लैक आउट

खंभे व तार टूटने से कई इलाकों में दूसरे दिन भी बंद रही बिजली, आसपास के गांवों में भी ब्लैक आउट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में बिजली सप्लाई बेमौसम बारिश व आंधी की भेंट चढ़ गई है और रोज किसी न किसी इलाके में खंभे और तार टूट रहे हैं। इससे पूरे शहर में सप्लाई प्रभावित हो रही है। सोमवार की शाम तेज आंधी में कई इलाकों में खंभे टूट गए थे जिससे दूसरे दिन भी बिजली बंद रही। दिन भर मरम्मत का काम चलता रहा और शाम तक भी कई क्षेत्रों में बिजली चालू नहीं हो पाई थी। पानी सप्लाई नहीं हो पा रही है वहीं कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित रहा। शहर से लगे छह गांवों में अंधड़ में बिजली के खंभे उखड़ गए हैं जबकि कई जगहों पर तार टूट गए हैं जिससे ब्लैक आउट की स्थिति बन गई है। विकास यात्रा के दौरान भी यह समस्या ठीक नहीं हो पा रही है।

अप्रैल से मौसम बदलने के बाद जो समस्या खड़ी हुई है अभी तक ठीक नहीं हो पाई है। बिजली विभाग बारिश पूर्व एक तरफ मेंटनेंस करा रहा वहीं दूसरी और बारिश, आंधी में खंभे व तार टूट रहे हैं। पिछले हफ्ते बौरीपारा, घुटरापारा, तकिया फीडर में छह जगहों पर खंभे और तार टूटकर गिर गए थे। तीन दिन में इसे ठीक किया गया तो इधर सोमवार को आंधी व बारिश में कई क्षेत्रों में बिजली के खंभे और तार टूटने से बिजली बंद है। गांधीनगर में एलटी लाइन के पांच खंभें टूट गए थे जबकि इसी इलाके के सिंचाई कालोनी व आसपास कई जगहों पर तार टूट गए हैं। उधर सरगंवा रोड, रेलवे स्टेशन मार्ग व चठिरमा में 11 केवी लाइन के कई जगह खंभे टूट गए हैं। मौसम खुलने के बाद देर रात तक मेंटेनेंस चलता रहा। इससे कुछ क्षेत्रों मंे ही लाइन चालू की जा सकी। कई क्षेत्रों में रात भर बिजली गुल रही।

रोज किसी न किसी इलाके में टूट रहे खंभे और तार, पानी सप्लाई भी ठप होने से बढ़ी परेशानी

सोमवार को बेमौसम बारिश और आंधी से कई इलाकों में पेड़ गिरने के साथ बिजली के खंभे भी धरासायी हो गए। इससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई।

इस समस्या से निपटने अल्टरनेट व्यवस्था नहीं कर पा रहे तैयार

शहर में इस समस्या से निपटने विभाग वैकल्पिक व्यवस्था तैयार नहीं कर पा रहा है। सब स्टेशन बढ़ने के बाद कहा गया था क ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है कि अगर एक क्षेत्र में फाल्ट आता है तो दूसरे स्टेशन से उस इलाके में सप्लाई बाधित नहीं होगी लेकिन स्थिति नहीं बदली। शहर में 8 सब स्टेशन है जिससे सभी 48 वार्डों में सप्लाई की व्यवस्था है। अधिकारियों का कहना है कि महामाया, तकिया एवं नमना फीडर में यह व्यवस्था है। बाकी क्षेत्रों में समय लगेगा क्यांेकि खंभे लगाने से दिक्कत आ रही है।

सरकारी कार्यालयों में भी प्रभावित हो रहा काम, लोग हो रहे परेशान

बिजली सप्लाई रोज प्रभावित हो रही है इससे सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है। ज्यादातर कार्यालयों में आॅनलाइन व्यवस्था कर दी गई है और लाइन बंद रहने से काम नहीं हो पा रहा है। कलेक्टोरेट के कई कार्यालयों के अलावा नगर निगम में बिजली गुल रहने से काम प्रभावित रहा। इस दौरान छोटे-मोटे काम के लिए पहंुचे लोग परेशान दिखे। निगम में राशन कार्ड बनवाने के लिए पहंुचे कई लोग वापस लौट गए। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र से लेकर ज्यादातर काम ऑनलाइन कर दिए गए हैं और ये काम भी नहीं हो पाए। निगम में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है लेकिन यह सभी विभागों में नहीं है।

आसपास के कई गांवों में ब्लैक आउट, सुधार में लगेंगे तीन दिन

सोमवार को आंधी पानी से शहर के साथ आसपास के गांवों में भी बिजली सप्लाई ध्वस्त हो गई है। विद्युतीकरण योजना के तहत हाल ही में इन गांवों में खंभे व तार लगाए थे। घघरी, सकालो, नर्मदापारा, चिखलाड़ीह, गंझाडंड़ इलाके में खंभे व तार टूट गए। लोगों ने बताया खंभे ठीक से नहीं गाड़े जा रहे हैं। खंभे व तार की क्वालिटी भी ठीक नहीं है, जिससे हवा, पानी में खंभे गिर रहे हैं। ये गांवों जिले के बड़े सब्जी उत्पादक वाले क्षेत्र हैं। पिछले दिनों बारिश से सब्जी की खेती को नुकसान हुआ था। अभी तक मुआवजे के प्रकरण तैयार नहीं हुए हैं। इधर जो बचा है, अगर लाइन चालू नहीं होती है तो सब्जी सूख जाएगी।

डेढ़ माह से पानी की सप्लाई ठीक से नहीं हो पा रही

बिजली गुल रहने से पानी सप्लाई शहर के कई क्षेत्रों में नहीं हो पा रही है। पिछले डेढ़ महीने से यह स्थिति बनी हुई है। गर्मी में खपत बढ़ने के बाद सप्लाई बढ़ाई जानी थी लेकिन बिजली के कारण सप्लाई कम हो गई है। शाम पांच बजे से छह बजे तक जबकि सुबह भी एक घंटे इसी समय में सप्लाई होती है। टंकियों से जनरेटर चालू कर पानी तो छोड़ा जा रहा है लेकिन लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। वैक्लपिक व्यवस्था के लिए टैंकर लगाए गए हैं लेकिन इससे ड्राइ जोन वाले इलाकों में ही ठीक से सप्लाई नहीं हो पा रही है। नए क्षेत्रों में दिक्कत अधिक है।

पेड़ गिरने से टूट रहे खंभे व तार इसलिए समस्या-ईई

बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता एसपी कुमार ने रोज खड़ी हो रही इस समस्या और इससे निपटने के लिए कारगर कदम नहीं उठाए जाने के सवाल पर कहा कि मौसम बिगड़ने के बाद तेज हवा चलने लग रही है जिससे पेड़ टूट कर गिर जा रहे हैं। ज्यादातर जगहों पर खंभों के आसपास ही पेड़ हैं जिससे दिक्कत आ रही है। जहां फाल्ट आया है वहां मेंटेनेंस का काम चल रहा है। एक साथ कई जगहों पर खंभे और तार टूटने से दिक्कत आ रही है। कोशिश कर रहे हैं कि पहले शहर के सभी क्षेत्रों में बिजली बहाल हो जाए। गांवों में जहां खंभे और तार टूटे हैं वहां एक दो दिन लग जाएंगे।

खबरें और भी हैं...