अंबिकापुर| शहर के मछलीपीढ़ इलाके में गुरुवार की रात एक सिरफिरे युवक ने प्रेमिका के सामने ही पेट्रोल डालकर अपने शरीर में आग लगा ली। वह इस बात से नाराज था कि प्रेमिका ने उसके साथ जाने से मना कर दी थी। लड़की के परिजनों व आस-पास के लोगों ने आग बुझा उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। यहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर जिले के कतियापारा निवासी 20 वर्षीय राजेश यादव कुछ दिन पहले अपनी प्रेमिका (17 वर्ष) को लेने अंबिकापुर के मछलीपीढ़ में उसके घर आया था। दोनों लगभग एक साल से साथ रहते थे। प्रेमिका ने साथ जाने से मना कर दिया था। इससे वह अंबिकापुर में इधर-उधर रह रहा था। गुरुवार की रात करीब साढ़े 8 बजे वह लड़की के घर पहुंचा। वह बाहर में ही मिल गई। युवक उससे बिलासपुर घर जाने के संबंध में बात करने लगा। लड़की ने जाने से मना कर दिया।
1 साल पहले हुई थी पहचान
युवक अंबिकापुर में वेटर का काम करता था। इसी दौरान लड़की से उसकी पहचान हुई। पिछले साल वह लड़की को लेकर अपने घर बिलासपुर चला गया। लड़की के नाबालिग होने से दोनों की रीति रिवाज से शादी नहीं हुई थी। लड़की बिलासपुर में उसी के घर में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थी।
मारपीट करता था, इसलिए नहीं जाना चाहती थी साथ
बयान में लड़की ने बताया राजेश के साथ उसके प्रेमसंबंध थे। बिलासपुर जाने के बाद राजेश उसके साथ बदसलूकी करने लगा था। आए दिन मारपीट करता था। इसी कारण वहां से बिना बताए एक महीने पहले भागकर अपने माता-पिता के घर अंबिकापुर आ गई थी।