अंबिकापुर| चक्रवात के प्रभाव से हर दिन मौसम का मिजाज बदल रहा है और तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी दोपहर बाद तेज हवा चली और शहर सहित पूरे संभाग में बारिश हुई। शहर में इस दौरान 4 मिमी बारिश दर्ज की गई। करीब घंटे भर चली तेज हवा व बारिश से शहर की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई इंसुलेटर उड़ने से कई इलाके की बिजली बंद हो गई। सूरजपुर के लटोरी इलाके में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटना में 5 मवेशियों की मौत हो गई। शहर में शुक्रवार को सुबह से ही तीखी धूप निकली थी। दोपहर में पारा 38 डिग्री के ऊपर पहुंच गया था पर तीन बजे के बाद मौसम का मिजाज बदला। आसमान काले बादलों से ढंक गए और तेज हवा चलने लगी। बादल छाने से तीन बजे ही शाम जैसा माहौल हो गया। बारिश ने पूरे इलाके को भिगो दिया। बारिश शहर सहित पूरे संभाग में हुई। तेज हवा से कई जगह नुकसान की भी खबर है। कई जगह आकाशीय बिजली भी गिरी जिससे मवेशियों की मौत हो गई।
लटोरी इलाके में 5 मवेशियों की गाज से मौत: सूरजपुर जिले के लटोरी में बिजली गिरने से हिन साय के तीन भैंसों की मौत हो गई। बताया गया है कि उसकी दोनों भैंसें घर के पास बंधी थी। इसी दौरान बारिश के बीच पास में आकाशीय बिजली गिरी। चपेट में आने से भैंसे झुलस गई। हिन साय के परिजन पास के पशु चिकित्सा केंद्र गए लेकिन वहां कोई नहीं था। केंद्र बंद था। इसी तरह गंगापुर में गाज गिरने से एक ग्रामीण के दो मवेशियाें की मौत हो गई।