अंबिकापुर| कांग्रेस ने निगम चुनाव में अपने संकल्प पत्र में गरीब परिवारों की बेटी की शादी के लिए दस हजार रुपए सहायता राशि देने का वादा किया था। सत्ता में आने के बाद पहली ही बैठक में प्रस्ताव पास कर शासन से फंड के लिए प्रस्ताव भेजा गया लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिली। इधर निगम में आवेदन देने वाले लोगों को यह कहकर लौटाया जाता रहा कि सरकार से अनुमति नहीं मिली। वादा पूरा नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे थे। निगम के सभापति शफी अहमद इस इस वादे को पूरा करने के लिए सामने आ गए हैं। रविवार को शफी अहमद ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रेस के सामने घोषणा करता हूं कि निगम में गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए जो आवेदन आएंगे उन्हें वे अपने पास से मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा कर मैं खुद को सौभाग्यशाली समझूंगा। कांग्रेस नेता शफी अहमद लगतार 18 सालों से पार्षद हैं।
टैक्स आधा करने के वादे पर कहा सरकार सहयोग नहीं कर रही
कांग्रेस ने निगम चुनाव में एक बाड़ा वादा किया था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आएगी तो टैक्स आधा कर दिया जाएगा लेकिन इस पर अभी तक अमल नहीं हुआ। सभापति ने कहा कि वादे के अनुरुप हमने सत्त में आने के बाद पहली ही बैठक में प्रस्ताव पास कर शासन को भेजा था लेकिन शासन से अनुमति नहीं मिली, उल्टे संपत्ति कर बढ़ा दिया गया। प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार है और भाजपा की सरकार सहयोग नहीं करती।