बारिश से बचने बरामदे में रुके शेड गिरने से मां और बेटे घायल
शनिवार की शाम को तेज हवा के साथ अचानक हुई बारिश के दौरान बनारस रोड में मोरन चौक में बरामदे का एस्बेस्टस शीट गिरने से ढाई साल के बच्चे के साथ उसकी मां घायल हो गई। मां बारिश से बचने के लिए बेटे के साथ बरामदे में खड़ी हुई थी। दोनों को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चंदौरा थाना अंतर्गत ग्राम धोंधा निवासी पुष्पा बाई शनिवार को अपने ढाई साल के बेटे रोशन को लेकर वाड्रफनगर गई थी। वहां से शाम को पैदल वह घर जाने के लिए निकली। इसी दौरान रास्ते में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह चौक में एक घर के सामने शेड के बनाए गए बरामदे में खड़ी हो गई। इसी दौरान तेज हवा में बरामदे का एस्बेस्टस शीट उखड़कर गिर गया और मां व बेटे चपेट में आकर घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने दोनों को वाड्रफनगर अस्पताल में भर्ती कराया। पता चलने पर परिजन पहुंचे। डाक्टरों द्वारा रिफर कर दिए जाने पर परिजनों ने दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों को सिर में चोट आई है।