पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गर्मी की छुट्टी में सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलेगा होम वर्क, बेस्ट परफाॅर्मर छात्र व पालक होंगे पुरस्कृत

गर्मी की छुट्टी में सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलेगा होम वर्क, बेस्ट परफाॅर्मर छात्र व पालक होंगे पुरस्कृत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
3री से 8वीं के होम वर्क के लिए बनाया जिला स्तरीय पाठ्यक्रम

भास्कर संवाददाता|अंबिकापुर

गर्मी की छुट्‌टी में सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए इस साल होम वर्क मिलेगा और इसकी सर्व शिक्षा अभियान मानीटरिंग करेगा। गांवों में माहौल बनाने चौपाल लगाकर बच्चों की पढ़ाई भी होगी। चौपाल में रिटायर शिक्षक व शिक्षित युवाओं की निशुल्क सेवाएं ली जाएंगी। सर्व शिक्षा अभियान ने इसकी पूरी तैयारी कर ली। तीसरी से आठवीं के बच्चों के होम वर्क के लिए जिला स्तरीय पाठ्क्रम निर्धारित किया है। जागरुकता लाने स्कूल बंद होने से पहले 28 अप्रैल को अभिभावक सम्मेलन होगा।

सम्मेलन में शिक्षक अभिभावकों को उनके बच्चों के रिजल्ट के साथ होम वर्क के बारे में जानकारी देंगे। स्कूल खुलने के बाद होम वर्क में बेस्ट परफार्मेंस करने वाले छात्र के साथ अभिभावक को सम्मानित किया जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान ने इसके लिए सभी स्कूलों के प्रधान पाठक को पत्र लिख तैयारी करने निर्देश दिए हैं। गर्मी की छुट्टी में सरकारी स्कूलों के लिए इस तरह पहली बार शैक्षणिक रोस्टर बना है। सर्व शिक्षा अभियान ने पहली कार्यक्रम तैयार कर चौपाल के माध्यम से इससे गांव के शिक्षित लोगों को जोड़ने कोशिश की जा रही है।

जागरुकता लाने 28 अप्रैल को सभी स्कूलों में होगा पालक सम्मेलन, गांवों में चौपाल लगा पढ़ाने की योजना

होमवर्क में बेस्ट परफॉर्मेंस करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों का भी किया जाएग सम्मान।

जिले में 1895 प्राइमरी व मिडिल स्कूल, इनमें 1 लाख 1 हजार हैं बच्चे

सरगुजा जिले में 1895 प्राइमरी व मिडिल स्कूल हैं। इन स्कूलों में 1330 प्राइमरी व 565 मिडिल स्कूल हैं। प्राइमरी स्कूल में 61 हजार से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं। इसी प्रकार मिडिल स्कूल में लगभग 40 हजार छात्र इस साल पढ रहे हैं। इन सभी स्कूलों के परफार्मेंस में सुधार लाने के लिए यह पहल की जा रही है।

एनएएस के सर्वे में सरगुजा जिला प्रदेश में आया था प्रथम: प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता के बारे में पता लगाने के लिए केंद्रीय मानव संसाधान विभाग द्वारा इस साल एक साथ पूरे देश में एनएएस का सर्वे कराया गया था। इसमें तीसरी, पांचवीं व आठवीं के छात्रों की परीक्षा हुई थी। इसके आधार पर जिले की ग्रेडिंग हुई थी। इसमें सरगुजा जिला प्रदेश में पहले स्थान पर था। इसी को बनाए रखने के लिए सर्व शिक्षा अभियान द्वारा होम वर्क पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है।

चौपाल में रिटायर्ड शिक्षक और शिक्षित लोगों की ली जाएगी मदद

शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए गांवों में चौपाल लगाने की योजना है। इसमें यदि गांव में सरकारी शिक्षक है तो उसकी सेवाएं ली जाएगी। इसके अलावा उस गांव के रिटायर्ड शिक्षक या शिक्षित लोगों की निशुल्क मदद ली जाएगी। ये चौपाल लगाकर गांव के बच्चों को पढ़ाएंगे।

तीसरी से आठवीं के छात्रों के लिए पाठ्यक्रम निर्धारित

कक्षा तीसरी से आठवीं के छात्रों के होम वर्क के लिए सर्व शिक्षा अभियान द्वारा सभी विषयों के लिए जिला स्तरीय पाठ्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके साथ प्रश्न पत्र का एक सेट भी तैयार किया गया है। छात्रों को गर्मी की छुट्‌टी में इसे पूरा करना होगा। पहली व दूसरी के छात्रों को स्कूल से शिक्षक कुछ होम वर्क देंगे।

बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए बनाया गया कार्यक्रम

गर्मी की छुट्‌टी में बच्चों को शैक्षणिक गतिविधि से जोड़ने के लिए इस बार होमवर्क के साथ पाठ्यक्रम निर्धारित कर इससे अभिभावको को जोड़ा जा रहा है। इससे परफार्मेंस सुधरेगा। गांवों में जाकर बीआरसी मानीटरिंग करेंगे। होमवर्क ठीक तरह करने वाले छात्रों के साथ उनके अभिभावक को भी सम्मानित किया जाएगा ताकि दूसरे लोग इससे प्रोत्साहित हो। -केसी गुप्ता, जिला समन्वयक,सर्व शिक्षा अभियान, सरगुजा

खबरें और भी हैं...