बोरदेही में बंद हैं टप्पा तहसील कार्यालय
जिला महिला कांग्रेस (ग्रामीण) ने बोरदेही में कई माह से बंद टप्पा तहसील कार्यालय शुरू कराने सहित अन्य मांगों को लेकर 21 मई को बोरदेही में प्रदर्शन करेगी। जिला महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा अतुलकर के नेतृत्व में बोरदेही एवं खेड़लीबाजार के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन बोरदेही थाना प्रभारी को सौंपा। जिलाध्यक्ष सीमा अतुलकर ने बताया कई माह से बोरदेही टप्पा तहसील कार्यालय बंद रहने से राजस्व के काम के अलावा विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र बनाने का काम पूरी तरह ठप है। बोरदेही में शासकीय कॉलेज खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही में दो डॉक्टरों की नियुक्ति करने के अलावा आमला एवं बोरदेही में एक-एक महिला डॉक्टर की नियुक्ति करने, किसानों का कर्ज माफ कर बैंक वसूली रोकने, बिजली उपभोक्ता तथा किसानों के बिलों पर लगाए गए सरचार्ज को माफ करने, किसानों को फसलों का सही दाम मिलने एवं गन्ना किसानों को मिल मालिक से तत्काल भुगतान दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया 21 मई सुबह 11 से 2 बजे तक टप्पा तहसील कार्यालय बोरदेही के सामने धरना प्रदर्शन कर मांगों का ज्ञापन दिया जाएगा। ज्ञापन में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सिंधू लोणारे, जिला कांग्रेस महामंत्री प्रकाश तायवाड़े, डॉ. राजेंद्र मंडल, सरपंच दिनेश साहू, निन्दी भाई, चंचलेश सोनी, शैलू जैन, गजानन साहू, सुरेश साहू, मोहन नायक, हरिशंकर साहू ने हस्ताक्षर किए हैं।
बंद टप्पा तहसील कार्यालय शुरू कराने महिला कांग्रेस 21 को करेगी प्रदर्शन
आमला। ज्ञापन सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता।