थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज नहर के पास से अपराधियों ने कट्टे के बल पर एक व्यक्ति की बाइक लूट ली। जानकारी के अनुसार कैतुका नंदन निवासी अरविंद कुमार घर से खाना लेकर मकेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहा था। इसी दौरान सुल्तानगंज नहर के समीप पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उसे रोक लिया तथा कट्टे का भय दिखा बाइक से चाभी निकाल ली। जेब से तीन हजार रुपए भी निकाल लिए। इसका विरोध करने पर अरविंद के साथ बाइक पर बैठे एक युवक को अपराधियों ने मारपीट कर नहर में ढकेल दिया। सभी अपराधी हेलमेट लगाए हुए थे। शोर सुनकर आसपास के लोग जब तक पहुंचते अपराधी फरार हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।