डीएवी काॅलेज एजुकेशन में 120 स्टूडेंट्स का सम्मान
डीएवी कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वुमन अमृतसर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल डॉ. अनीता मेनन की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विधायक ओम प्रकाश सोनी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। स्थानीय प्रबंधकीय समिति डीएवी के कार्यवाहक अध्यक्ष सुदर्शन कपूर एवं प्रिंसिपल डॉ. मेनन ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया।
प्रिंसिपल अनीता मेनन ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और उपस्थित मुख्यातिथि एवं विभिन्न डीएवी संस्थानों के प्रिंसिपल स्थानीय प्रबंधकीय समिति के विभिन्न सदस्यों को महाविद्यालय में समय-समय पर आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। विधायक सोनी ने ज्योति प्रज्जवलित करके कार्यक्रम की शुरुआत करवाई। इस दौरान विधायक सोनी ने 120 स्टूडेंट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विधायक सोनी ने कहा कि शिक्षा एक ऐसा गहना है, जिसकी चमक से मनुष्य के व्यक्तित्व में निखार आता है। विधायक सोनी ने नारी सशक्तिकरण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज में ऊंचा नाम स्थापित कर रही हैं। बेटियां अपनी शक्ति पहचाने और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाएं। इस अवसर पर सुदर्शन कपूर ने विधायक सोनी व अन्य अतिथियों का आभार जताया। विधायक ओम प्रकाश सोनी ने इस संस्था को 5 लाख ग्रांट देने की घोषणा भी की।