विभिन्न जगहों से वाहन चोरी कर बेचने का धंधा करने वाले एक आरोपी दीपक उर्फ दीपा निवासी झब्बाल रोड को थाना बी डिवीजन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने चार चोरी के दो पहिया वाहन रिकवर किए हैं। यह सारे वाहन उसने विभिन्न स्थानों से चोरी किए थे और नंबर प्लेट बदल कर बेच देता था। आरोपी नशा करने का आदि है और उसी की पूर्ति के लिए वाहन चोरी करके बेचता था।
थाना प्रभारी प्रवेश चोपड़ा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी सुल्तानविंड की तरफ घूम रहा है। इसी के तहत उन्होंने आरोपी को घेर कर बाइक के दस्तावेज दिखाने को कहा। मगर उससे कोई भी दस्तावेज बरामद नहीं हुए। सख्ती से पूछने पर आरोपी ने बताया कि बाइक चोरी की है और वह बेचने के लिए जा रहा था। इसके बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की तो उसकी निशानदेही से 3 और बाइक रिकवर की गईं। आरोपी से अभी पूछताछ की जा रही है, ताकि और उससे और भी रिकवरी की जा सके। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों कुलवंत सिंह और सुखदेव सिंह निवासी शहीद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों ने दो दिन पहले सुल्तानविंड रोड पर रिक्शे पर जा रही महिला सुनीता देवी का पर्स स्नैच किया था। पर्स में सोने के गहने, मोबाइल फोन और कुछ नकदी थी, जोकि पुलिस ने रिकवर कर लिया है। इन दोनों आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पता चल सके कि अभी तक कितनी वारदातें कर चुके हैं।
पकड़े गए आरोपियों से बरामद वाहनों के साथ थाना बी डिवीजन के प्रभारी और कर्मी।