प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने के आरोप में सुल्तानविंड पुलिस ने एक महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों ने 12 दिन पहले मिलकर हत्या की और फिर उसे सुसाइड का रूप देने के लिए लाश पंखे से टांग दी। पोस्टमार्टम के बाद संदेह होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
6 मई को पुलिस को सूचना मिली कि सुल्तानविंड गांव निवासी निर्मलजीत सिंह ने गले में दुपट्टा ले पंखे से फंदा लगा लिया। पुलिस पहुंची तो निर्मलजीत की प|ी सुमनप्रीत ने बताया कि उन दोनों की शादी 6 साल पहले हुई थी। निर्मलजीत नशे का आदी था इसलिए घर में झगड़ा रहता था। 6 मई की दोपहर में जब वह काम पर गई हुई थी तो पीछे से निर्मलजीत ने फंदा लगा लिया।
पुलिस टीम ने मौका का जायजा लिया तो मामला संदिग्ध लगा। हालांकि उन्होंने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर दी। इसके बाद जब पुलिस ने गुपचुप तरीके से जांच की और लाश का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि निर्मलजीत की मौत कई घंटे पहले ही हो चुकी थी। जांच में यह भी सामने आया कि सुमनप्रीत कौर के साजन नामक युवक से संबंध हैं और ये बात निर्मलजीत भी जानता था। इसी वजह से दोनों में झगड़ा रहता था। इसके बाद पुलिस ने सुमनप्रीत कौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले तो वह आनाकानी करती रही मगर जब सख्ती से पूछा गया तो उसने सबकुछ उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि उसके साजन से संबंध हैं और निर्मलजीत अक्सर शराब पीकर उससे झगड़ा किया करता था। 5 मई की रात में भी जब निर्मलजीत ने झगड़ा किया तो उसने साजन को बुला लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर निर्मलजीत का गला घोंट दिया। जब वह मर गया तो बॉडी दुपट्टे की मदद से पंखे से लटका दिया। इसके बाद अगले दिन वह सुबह-सुबह काम पर चली गई, ताकि किसी को शक न हो।
इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।