अमृतसर | पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन (पावरकॉम) की 20 टीमों ने शनिवार सुबह 5 बजे से 8 बजे तक सिटी और सब अर्बन सर्किल के अंतर्गत आते 200 इलाकों में छापेमारी करके 118 घरों में बिजली चोरी पकड़ साढ़े 22 लाख रुपए का जुर्माना उपभोक्ताओं को किया। इस दौरान कई लोग स्ट्रीट लाइट तो कई सीधी कुंडी लगाकर बिजली चोरी करते पाए गए। सिटी सर्किल के एसई बाल किशन और सबअर्बन सर्किल के एसई प्रदीप कुमार सैनी की नेतृत्व वाली टीमों ने गेट हकीमां, खजाना गेट, राम बाग, बेरी गेट समेत 200 इलाकों में छापेमारी की। इसी दौरान सिटी सर्किल में 5 मीटरों को शक के आधार पर सील करके एमई लैब में चेकिंग के लिए भेजा गया। सर्किल में 18 केस पकड़े गए। इन ग्राहकों को साढ़े 8 लाख रुपए जुर्माना किया गया। वहीं सब अर्बन सर्किल में 100 घरों में चोरी पकड़ी गई और करीब 14 लाख का जुर्माना किया गया।
ट्रांसफार्मर से तेल चुरा रहे युवकों को लोगों ने ईंटें मारकर भगाया
अमृतसर | खंडवाला बिजली घर के अंतर्गत आते इलाके शेरशाह सूरी रोड स्थित भल्ला वाले 200केवी के ट्रांसफार्मर से शुक्रवार देर रात 2 बजे तेल चोरी कर रहे चोरों पर जब लोगों ने ईंट-पत्थर बरसाए तो वे भाग खड़े हुए। चोरी ने जैसे ही ट्रांसफार्मर से बिजली बंद की तो उन्हें गर्मी महसूस हुई और वे नींद से जाए गए। जब उन्होंने ट्रांसफार्मर की ओर देखा तो कुछ लोग ऑटो पर चढ़ कर तेल चोरी कर रहे थे। इसलिए उन्होंने चोरों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए तो चोर अपनी गंडासी छोड़कर ऑटो में फरार हो गए। बाद में पावरकॉम मुलाजिमांे को बुलाकर तेल भरवाने के बाद बिजली चालू की गई।