रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग व दिव्यांग यात्रियों के लिए शुरू की गई गोल्फ कार्ट फिर से रेलवे स्टेशन पर दौड़ने लगेगी। पिछले तीन सालों से बंद पड़ी गोल्फ कार्ट को ड्राइवर न मिलने की वजह से बंद कर दिया गया था। रेलवे इसके लिए एनलीओ या निजी कंपनी ढूंढ रही थी, जो इसका जिम्मा उठा सके। फिलहाल दो एनलीओ को इसका जिम्मा सौंप दिया गया है, जो ड्राइवर की जिम्मेदारी उठाकर इसे चलाएंगी। अभी प्लेटफार्म नंबर 1 पर फर्श डालने के साथ-साथ कई कंस्ट्रक्शन के काम चल रहे हंै, जिस कारण अभी यह नहीं चलाई जा सकेगी, जब यह काम पूरा हो जाएगा, उसके बाद गोल्फ कार्ट स्टेशन पर दौड़नी शुरु हो जाएगी। बताते चले कि पूर्व रेल मंत्री सुरेश प्रभु की ओर से बुजुर्गों, दिव्यांग यात्रियों के साथ-साथ महिलाओं के लिए कई अहम रेलवे स्टेशनों पर गोल्फ कार्ट की सुविधा शुरु की गई थी। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यह सिर्फ नाम के तौर पर ही शुरू हुई। मुश्किल से ही कोई यात्री इस गोल्फ कार्ट का आनंद ले पाया होगा। अधिकारी भी इसे चलाने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे थे, लेकिन अब स्टेशन डायरेक्टर अमृत सिंह का दावा है कि जैसे ही कंस्ट्रक्शन के काम खत्म हो जाएंगे, यह गोल्फ कार्ट दौड़ने लगेगी।
रेलवे स्टेशन के अंदर खड़ी गोल्फ कार्ट। कई बार इसका ड्राइवर मिला, लेकिन वेतन न मिलने पर नौकरी छोड़ जाते थे।
सन 2016 में तैनात किया गया ड्राइवर बाद में छोड़ गया
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) की ओर से 12 मई 2015 को शुरू की गई थी। इस सुविधा का लोग दस दिन भी फायदा नहीं उठा पाए थे। शुरुआत में आईआरसीटीसी की ओर से इसके लिए ड्राइवर लवप्रीत सिंह को भी तैनात किया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही वह काम छोड़ कर चला गया था। इसके बाद 22 नवंबर 2016 को जब रेलवे के तत्कालीन जीएम एके पुठिया स्टेशन का दौरा करने पहुंचे तो उस समय भी नया ड्राइवर मनीश कुमार तैनात किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद वह भी काम छोड़ कर चला गया। अब फिर से इस गोल्फ कार्ट को ड्राइवर मिल गया है, जोकि एनलीओ के माध्यम से ही काम करेगा।
जल्द दौड़ेगी गोल्फ कार्ट : डायरेक्टर अमृत सिंह
रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर अमृत सिंह का कहना है कि गोल्फ कार्ट संबंधी उन्होंने दो एनलीओ को जिम्मा सौंपा है। उनकी तरफ से ही ड्राइवर उपलब्ध करवाया जाएगा। ड्राइवर उन्हें मिल भी चुका है। उन्होंने कहा कि अभी प्लेटफार्म 1 पर फर्श डालने का काम चल रहा है, इसके अलावा अन्य कंस्ट्रक्शन के काम भी चल रहे हैं तो अभी चलाना मुमकिन नहीं है। जैसे ही यह काम पूरे हो जाएंगे, गोल्फ कार्ट भी दौड़नी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म पर जो काम चल रहे हैं, उसे अभी दो महीने का समय लग सकता है, साफ है कि उसके बाद यह गोल्फ कार्ट चलनी शुरू हो जाएगी।