अकाल तख्त पर पेश होने की इजाजत मांगी
भास्कर न्यूज| अमृतसर
श्री गुरु अर्जन देव जी के बारे अपशब्द बोलने वाले नारायण दास ने श्री अकाल तख्त साहिब को ईमेल भेजकर गलती स्वीकार करते हुए खालसा पंथ से माफी मांगी है। नारायण निवास आश्रम ऋषिकेश के नारायण दास ने श्री अकाल तख्त साहिब को लिखे पत्र की शुरुआत वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह से की है।
नारायण दास ने कहा कि श्री गुरु अर्जन देव जी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में दर्ज भगतों की बाणी के संबंध में उनसे बोले गए गलत शब्दों के लिए श्री गुरु ग्रंथ साहिब और खालसा पंथ की शरण में आकर श्री अकाल तख्त साहिब पर हाजिर होकर क्षमा मांगना चाहता हूं। नारायण दास ने कहा है कि पिछले दिनों वायरल हुई वीडियो में जाने-अनजाने श्री गुरु अर्जन देव जी व भगतों की बाणी के बारे गलत बोला गया है।
उन्होंने कहा कि कोई काल का ही चक्र था जो गुरबाणी के बारे गलत शब्दावली बोली गई। उन्होंने आखिर में खालसा पंथ से यह आशा प्रकट की कि अकाल तख्त पर हाजिर होकर गलती की क्षमा मांगने का अवसर जरूर दिया जाएगा। इसके साथ ही खालसा पंथ के हर हुक्म को मानने का विश्वास दिलाया है।