नाटक ‘हुण सब सैट है’ में बच्चों ने बताई रिश्तों की अहमियत
पंजाब नाटशाला में बुधवार को सिफर थिएटर ग्रुप की पहल पर जेम्स कैंब्रिज स्कूल बटाला के बच्चों की तरफ से पंजाबी नाटक “हुण सब सैट है’ का मंचन किया गया। विशाल शर्मा लिखित तथा निर्देशित इस नाटक में संगीत दिया है मनीश अरोड़ा ने।
पांच साल से 15 साल के बच्चों ने इस नाटक को बड़े ही भावपूर्ण तरीके से पेश किया है। नाटक की थीम वर्तमान समाज में दरकते रिश्तों को लेकर बुनी गई है। तीन पड़ोसी परिवारों, जिनके पड़ोस में कुंवारा शराबी रहता है। पड़ोस की महिलाएं उससे प्यार से पेश आती हैं। उन पड़ोसी महिलाओं द्वारा हंस-हंस कर बातें करने तथा प्रेम से पेश आने का अर्थ वह गलत तरीके से लेता है। जब हकीकत का प ता चलता है तो शराबी शर्मिंदा होता है। करीब तीन महीने की तैयारी के बाद पेश इस नाटक बारे लेखक का कहना है कि आमतौर पर हमारे आसपास जो कुछ घटता है उसे हम अक्सर दूसरे तरीके से ले लेते हैं।
कई बार प्यार और गुस्सा दोनों ही का लोग अपनी-अपनी सोच के मुताबिक अर्थ निकाल लेते हैं। उनका कहना है कि आज सभी रिश्तों में ऐसा ही भ्रम पैदा होता है।
नाटशाला के मुखी जतिंदर बराड़ ने बच्चों की पेशकारी को सराहा और कहा कि इन बच्चों ने जिस तरीके से पेशकारी दी है उससे साबित होता है कि उनमें अभी से कला का गुर मौजूद है। उन्होंने कहा कि यह नाटक सचमुच सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है और हमें सेहतमंद रिश्तों की सीख देता है।
सीख
पंजाब नाटशाला में बुधवार को सिफर थिएटर ग्रुप तथा जेम्स कैंब्रिज स्कूल बटाला की पहल पर पेशकारी
पंजाब नाटशाला में नाटक पेश करते बच्चे।