होली हार्ट की टीम ने जीती नार्दर्न बैडमिंटन चैंपियनशिप
होली हार्ट प्रेसिडेंसी स्कूल के सीनियर खिलाड़ियों ने एएसआईएसजी नार्दर्न रीजन बैडमिंटन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही टीम का चयन रीजनल स्तर के लिए भी हो गया है। यह प्रतियोगिता श्री गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई, जिसमें अमृतसर और तरनतारन जोन के कई स्कूलों के स्टूडेंट्स ने भाग लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह बैडमिंटन प्रतियोगिता सीनियर व जूनियर दोनों स्तरों पर करवाई गई।
खेल का अच्छा प्रदर्शन करते हुए स्कूल की सीनियर व जूनियर महिला खिलाड़ियों ने भी दूसरा स्थान पाया है। प्रथम स्थान पर विजेता रहे स्टूडेंट्स राजबीर, कोमलदीप, लवदीप, अर्शदीप और दूसरा स्थान पाने वाली भारती, सुनैना, नवरूप, लोटसप्रीत, पल्लवी, गुरलीन को आयोजकों द्वारा मैडल व ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। डायरेक्टर अंजना सेठ, प्रिंसिपल विक्रम सेठ और शिल्पा सेठ ने विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।