खेल फंड को सैटल करने के लिए डीईओ ने जारी किया खत
खेल फंड को सैटल करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता किरण ने सहायक खेल अधिकारी बलविंदर सिंह को खत लिखा है। वहीं 17 योगा खिलाड़ियों के स्टेट टूर्नामेंट पर न जाने के कारण जानने के लिए भी कमेटी का गठन किया जाएगा। गौरतलब है कि डीईओ सुनीता किरण इन दोनों ही मामलों में बलविंदर सिंह को दोषी बता रही हैं, लेकिन वहीं बलविंदर सिंह अपनी बात पर अड़े हुए हैं।
डीईओ सुनीता किरण ने बताया कि बलविंदर सिंह ने विभाग से 8 से 9 लाख रुपए एडवांस ले रखा है। लेकिन अभी तक उसका हिसाब नहीं बताया। अगर सभी डॉक्यूमेंट्स जमा हो जाते हैं तो बलविंदर सिंह अपने बढ़े हुए पैसे ले सकता है। वहीं उन्होंने बताया कि योग टीम भेजने के लिए उनसे संपर्क ही नहीं किया गया। छुट्टी के बावजूद शनिवार व रविवार वह दफ्तर में ही थीं। लेकिन उन्हें फोन पर बलविंदर सिंह ने टीम भेजने की जानकारी ही नहीं दी। वहीं दूसरी तरफ बलविंदर सिंह ने बताया कि उनके पास पूरा हिसाब बना हुआ है। जिसमें स्पष्ट है कि उन्होंने 6.68 लाख रुपए लेने हैं। उन्होंने इसके लिए बार-बार डीईओ से बातचीत की, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं दिया।