पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Amritsar
  • निगम का ई गवर्नेंस पोर्टल 3 महीने में बनेगा, प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के नाम सार्वजनिक होंगे

निगम का ई-गवर्नेंस पोर्टल 3 महीने में बनेगा, प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के नाम सार्वजनिक होंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहरवासियों की सुविधा के लिए नगर निगम ई-गवर्नेंस सिस्टम लागू करने जा रहा है। इसके तहत सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर खोला जाएगा। इसमें प्राॅपर्टी टैक्स, वाटर सप्लाई-सीवरेज एप्लीकेशन, ट्रेड लाइसेंस एप्लीकेशन, जीआईएस डाटा मेंटेनेंस, पे-रोल मैनेजमेंट सिस्टम, नोटिस प्रिंटिग आॅफ डिफाल्टर, डिमांड एंड कलेक्शन रजिस्टर, सर्विस स्पोर्ट सेंटर एंड ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान पोर्टल तैयार होगा। मैप माय इंडिया की तरफ से किए गए सर्वे का सारा डाटा भी ऑनलाइन करके हर प्राॅपर्टी को यूनीक आईडी नंबर दिया जाएगा। पोर्टल बन जाने के बाद टैक्स चुकाने वालों और डिफाल्टरों की लिस्टें ऑनलाइन निकाली जा सकेंगी। इस पर कुल 40 लाख रुपए की लागत आएगी। सोमवार को हुई नगर निगम की वित्त एंड ठेका कमेटी (एफएंडसीसी) की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई। डीजल-पेट्रोल खरीद को मंजूरी देने के साथ-साथ बैठक में कचहरी साइकिल स्टैंड का सालाना ठेका 17.55 लाख रुपए में देने को भी हरी झंडी दिखा दी गई।

मेयर कर्मजीत रिंटू ने बताया कि ई गवर्नेंस के तहत कंपनी एक-दो दिन से काम शुरू कर देगी और दो-तीन महीने में ये काम पूरा हो जाएगा। कंपनी का दावा है कि पोर्टल बन जाने से नगर निगम के रेवेन्यू में 20 फीसदी की बढ़ोतरी होगी मगर उन्हें 50 फीसदी रेवेन्यू बढ़ने की उम्मीद है।

स्ट्रीट लाइट स्क्रैप बेचने और मैनहोल ढक्कन खरीदने के सिंगल टेंडर रद्द

एफएंडसीसी की मीटिंग में ई-टेंडरिंग के तहत स्ट्रीट लाइट का स्क्रैप बेचने और मेनहोल ढक्कन खरीदने के टेंडर रद्द किए गए। ई-टेंडरिंग के नियमानुसार तीन टेंडर नहीं आने के कारण ऐसा किया गया। अब इन्हें दोबारा लगाया जाएगा। मीटिंग में सीनियर डिप्टी मेयर रमन बख्शी ने कहा कि ई-टेंडरिंग में अंत में हमेशा तीन ही टेंडर आते हैं। निगम को संख्या बढ़ाने के लिए इनका ज्यादा से ज्यादा प्रचार करना चाहिए। बैठक में मेयर कर्मजीत रिंटू, कमिश्नर सोनाली गिरि, सीनियर डिप्टी मेयर रमन बख्शी, डिप्टी मेयर युनुस कुमार, पार्षद दमनदीप सिंह और गुरजीत कौर मौजूद थे।

मैराथन मीटिंग : 4 हलकों के कांग्रेसी पार्षदों ने 4 घंटे रखी अपनी बात

एफएंडसीसी की बैठक के बाद विधानसभा हलका वेस्ट, साउथ, ईस्ट और नॉर्थ के कांग्रेसी पार्षदों के साथ मैराथन बैठक की गई। ये मीटिंग दोपहर 2.30 बजे शुरू हुई और शाम 6.30 बजे तक चली। इसमें मेयर, कमिश्नर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर मौजूद रहे। बैठक में मेयर ने एक-एक कर सभी पार्षदों से उनके वार्ड की जरूरतें व मुश्किलें पूछी और मौके पर मौजूद तमाम विभागों के प्रमुखों को उन्हें हल करने के निर्देश दिए।

काम न होने पर नाराजगी जताई

इस बैठक में पार्षदों ने विकास कार्य न होने पर सवाल उठाए। वेस्ट विधानसभा हलके में आने वाले वार्ड-56 के पार्षद प्रमोद बबला ने कहा कि वार्डों में काम शुरू कराने पर स्थिति स्पष्ट की जाए। बबला ने कहा कि 50-50 हजार रुपए की फाइलों में गड़बड़ी का हवाला देकर उन्हें बंद करने की बात कही जाती है। जिन लोगों ने गोलमाल किया है, जांच के बाद उन पर कार्रवाई होनी चाहिए मगर इसकी आड़ में सभी वार्डों के काम नहीं रुकने चाहिए।

खबरें और भी हैं...