मेड मुहैया करवाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह शहर में फिर से सक्रिय हो गया है। इस बार गिरोह ने सर्कुलर रोड पर रहती डाॅ. अंजु सिंगला को शिकार बनाया है। अंजु के पति ने घर पर मेड के लिए ऑनलाइन एक कंपनी को रिक्वेस्ट भेजी थी। उसी रिक्वेस्ट को देखकर फ्राॅड करने वाले गिरोह ने डाॅ. अंजु सिंगला के साथ संपर्क किया। खुद को कंपनी की अधिकारी बताकर मोना नाम की लड़की उनके पास गई और मेड मुहैया करवाने के लिए पहले सारी दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद एडवांस के तौर पर 37 हजार रुपए भी ले लिए। इसके बाद मोना वहां से चली गई और दूसरी लड़की सीमा को मेड के रूप में छोड़ कर चली गई। मगर करीब आधे घंटे के बाद ही सीमा भी वहां से गायब हो गई। वह काफी देर तक ढूंढती रही, मगर पता नहीं चला। जिन नंबरों से फोन आया था। उन पर संपर्क किया तो वह भी बंद थे। इस संबंधी डाॅ. अंजु सिंगला की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज किया है और आरोपियों का पता लगाने के लिए बनती कार्रवाई शुरू कर दी है।
वेबसाइट पर रिक्वेस्ट डाली तो दो महिलाएं घर पहुंची
डाॅ. अंजु ने बताया कि वह और उनके पति दोनों ही नौकरी करते हैं। इस कारण वह व्यस्त रहते हैं। ऐसे में घर पर काम करने के लिए उन्हें मेड की जरूरत थी। इसके लिए पति ने ऑनलाइन चेक किया तो कई तरह वेबसाइट मिली। उस पर पति ने मेड के लिए रिक्वेस्ट भेज दी, तुरंत बाद उन्हें फोन आ गया। फोन करने वालों ने बताया कि वह दिल्ली से बोल रहे हैं और उनकी रिक्वेस्ट देखकर फोन किया है। इस पर उन्होंने मेड लेकर आने के लिए बोल दिया। अगले ही दिन मोना नाम की लड़की आई और अपने साथ एक अन्य लड़की सीमा को लेकर आई थी। मोना ने अपनी कंपनी संबंधी सारे दस्तावेज साइन किए और उनके साथ कान्ट्रेक्ट साइन कर लिया। इस संबंधी 37 हजार रुपए एडवांस के तौर पर ले लिए। सारी कार्रवाई पूरी करने के बाद मोना वहां से चली गई और सीमा घर के काम पर लग गई, मगर करीब आधे घंटे के बाद ही सीमा भी वहां से गायब हो गई। वह काफी देर तक ढूंढती रही, मगर पता नहीं चला। जिन नंबरों से फोन आया था। उन पर संपर्क किया तो वह भी बंद थे। उसी दौरान लगा कि उनके साथ फ्राॅड हो गया है।
डॉ. ग्रोवर ने फ्रॉड करने वालों को ट्रैप लगा पकड़वाया था
एक साल पहले भी इसी तरह के गिरोह ने कटड़ा बग्गियां स्थित डाॅ. पीएस ग्रोवर अस्पताल के मालिक से फ्राॅड किया था। डाॅ. ग्रोवर ने जब रिक्वेस्ट डाली थी तो उस समय भी ठीक इसी तरह आरोपी आए थे और पैसे लेकर चुपके से निकल गए थे। इसके कुछ दिनों बाद डाॅ. ग्रोवर ने फिर से रिक्वेस्ट डालकर ट्रैप लगाया था, जिन लोगों ने उनके साथ पहले ठगी की थी। वही दोबारा उनके घर आ गए तो डाॅ. ग्रोवर ने दो लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
गिरोह वेबसाइट के जरिए कर रहा ठगी, आप रहें सतर्क
नेट पर मेड मुहैया करवाने के लिए कई लोगों ने कंपनियां बनाई हुई हंै, मगर यह सारी ही फ्राॅड हैं, जो कि लोगों की रिक्वेस्ट देखकर उनके पास पहुंच जाते हैं और ठगी करने के बाद फरार हो जाते हैं। ऐसे में मेड लेने के लिए इस तरह की कोई भी कंपनी आपसे संपर्क करें तो थोड़ा सावधान रहे। किसी को भी पैसे देने से पहले अच्छे जांच-परख लें, ताकि केवल अमृतसर में ही इस तरह की ठग दर्जनो ही लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।