कमेटी ने प्रवीण मेहरा की हुई दु:खद मौत पर शोक व्यक्त किया
भास्कर न्यूज. अमृतसर
श्री दुर्ग्याणा के समीप आवारा पशुओं और कुत्तों के आतंक को लेकर सोमवार को कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें दुर्ग्याणा में आने वाले श्रद्घालुओं और यात्रियों को जख्मी करने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर शोक व्यक्त किया गया।
उन्होंने प्रवीण मेहरा की मृत्यु पर अमृतसर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया है। कमेटी के संरक्षक प्यारा लाल सेठ और प्रधान रमेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक दौरान महासचिव अरुण खन्ना, वित्त सचिव इंजीनियर रमेश शर्मा, मैनेजर राज वधवा, सचिव हरीश तनेजा, सहप्रबंधक विपन चोपड़ा और हर्ष खन्ना मुख्य रूप से शामिल हुए। कमेटी सदस्यों ने कहा कि दशहरा ग्राउंड के आसपास अवैध कई डेयरियां चल रही है, जिन्हें बंद करवाने में की निगम की ओर से लापरवाही की जा रही है। कमेटी ने कहा कि कुछ दिन पहले दुर्ग्याणा प्रोजेक्ट की जांच को पधारे मंत्री नवजोत सिद्धू को आवारा सांड ने टक्कर मारी, जिसमें उनके अंग रक्षकों की ओर से उन्हें सांड के टक्कर से बचाया गया। उस घटना के बाद अब प्रवीण मेहरा की मृत्यु इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि निगम अभी तक आवारा पशुओं और कुत्तों को नहीं पकड़ रहा। नगर निगम का प्रयास विफल रहा है। कमेटी ने कहा कि मेयर तथा निगम कमिश्नर को डाक द्वारा पत्र लिखकर खिलाफ कार्रवाई की अपील की थी।