इतिहास सिलेबस में दर्ज करने को हस्ताक्षर अभियान
शहीद भगत सिंह, शहीद ऊधम सिंह तथा जलियांवाला बाग कांड और उससे जुड़े शहीदों के इतिहास को प्राइमरी क्लास से लेकर कॉलेज/यूनिवर्सिटी तक के सिलेबस में शामिल करने के लिए शुक्रवार को जलियांवाला बाग कांड की 99वीं वर्षगांठ के मौके पर ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन तथा ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन की तरफ से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया। दोनों संगठनों के नुमाइंदों चरणजीत सिंह सांगाराय, सुखजिंदर सिंह, नरिंदर कौर सोहल की अगुवाई में सूबे के विभिन्न इलाकों से पहुंचे युवाओं ने शहीदों को नमन किया फिर इस मांग को उठाया। क्त नुमाइंदों का कहना है कि जलियांवाला बाग कांड के 100 साल पूरे होने को हैं लेकिन हमारी सरकारों ने आजादी की आधार शिला रखने वाली इस बाग से जुड़े और दूसरे शहीदों को भुला दिया। शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु को नई पीढ़ी भूलती जा रही है। इन लोगों का कहना है कि शहीदों की कुर्बानी भूलने के कारण लोगों में से देश प्रेम की भावना खत्म हो रही है और इसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ रहा है।