विद्यार्थियों ने लूटा बैसाखी का जश्न
स्प्रिंग डेल स्कूल में बैसाखी पर्व मनाया गया। बच्चे परंपरागत पंजाबी कपड़े पहन कर स्कूल आए और उन्होंने पंजाबियत व विरसे को दर्शाते कार्यक्रम पेश किए।
भास्कर न्यूज | अमृतसर
स्प्रिंग डेल स्कूल के स्टाफ और विद्यार्थियों ने स्वर्गीय मनवीन संधू को उनकी जयंती पर समृद्ध श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही बैसाखी का पर्व मनाया। स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल के अध्यापकों और छात्रों ने अपनी पूर्व प्रिंसिपल मनवीन संधू को उनके जन्मदिवस के अवसर पर समृद्ध श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके व दिवंगत पति डॉ. शिविंदर सिंह संधू की तस्वीर के सामने फूल अर्पित किए गए। स्प्रिंग डेल एजुकेशनल सोसायटी के सेवामुक्त प्रधान एस एस संधू, निदेशक डॉ. किरत संधू चीमा, कप्तान समरजीत सिंह चीमा, अध्यक्ष साहिलजीत सिंह संधू और मेहजबीन पीरजादा संधू ने इन श्रद्धेय आत्माओं द्वारा समाज की भलाई के लिए देखे गए सपनों और लक्ष्यों को पूरा करने की प्रतिबद्धता को दोहराया। प्रिंसिपल राजीव कुमार शर्मा ने डॉ. शविंदर संधू और प्रिंसिपल मनवीन संधू के साथ गुजारे लम्हों को याद किया। इस बीच स्कूल परिसर में बैसाखी का पर्व बहुत उत्साह के साथ मनाया गया। पहली और दूसरी कक्षाओं के छात्रों के लिए आनंददायक समय था, क्योंकि वे परंपरागत पंजाबी कपड़े पहन कर स्कूल आये थे।