भूूपिंदर भिंदा डाॅन बाॅर्डर बेल्ट में अपने गिरोह की पैठ बढ़ाने की फिराक में था
देहाती पुलिस की तरफ से गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा डाॅन अमृतसर में कोई बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। भिंदा डाॅन को कुछ लोगों ने पैसे देकर हायर किया था, ताकि रूरल अमृतसर में दहशत फैलाई जा सके। भिंदा डाॅन रोपड़ के गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह उर्फ बाबा का खास है, जिसने शुक्रवार रात ही पंजाबी गायक परमिशन वर्मा को गोली मार मारने का प्रयास किया। वहीं दूसरी तरफ अमृतसर में भिंदा डाॅन का पकड़े जाना साफ इशारा करता है कि अब ये गैंग माझा में अपनी पकड़ बनाने कोशिश में है।
पुलिस को भिंदा के कुछ साथियों के बारे में भी जानकारी मिली है, जो अमृतसर और तरनतारन में उसके लिए काम कर रहे थे। ऐसे में दिलप्रीत सिंह बाबा लगातार अपनी गैंग का विस्तार कर रहा है, ताकि वह इस तरफ अपनी पैठ बनाकर दहशत फैला सके। एसएसपी देहाती परमपाल सिंह ने कहा कि भिंदा से पूछताछ जारी है। उससे पूछताछ कर दिलप्रीत बाबा को गिरफ्तार करने की कोशिश की है। इसके लिए उनकी एक स्पेशल टीम भी लगी हुई है, जो लगातार बाबा को ट्रेस कर रही है। गत रात को उसने मोहाली में वारदात की है। उसी के बाद से उन्होंने भी पूरे इलाके में अलर्ट जारी करवा दिया है। जल्द ही वह बाबे को पकड़ कर जेल भेजेंगें।
पाकिस्तान से भी निकल रहे लिंक
देहाती पुलिस ने भिंदा डान को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है और उससे पूछताछ जारी है। भिंदा के लिंक पाकिस्तान के कुछ लोगों के साथ भी निकल कर आ रहे है। पाकिस्तान से इस गैंग की ओर से हथियार मंगवाए जा रहे थे। जिस कारण भिंदा डान व उसके साथी पाकिस्तान में अपने लिंक बढ़ा रहे थे। इसी कारण अमृतसर सहित तरनतारन और फिरोजपुर बार्डर इलाकों भिंदा अपनी गैंग को बढ़ा रहा था। नौजवानों को पैसों का लालच देकर अपने साथ मिलाया जा रहा था। गिरफ्तारी के समय भिंदा से हथियार बरामद हुए थे।
लाइक और कमेंट करने वालों पर भी कसा जा रहा शिकंजा : गैंगस्टरों के नेक्सस को तोड़ने के लिए पुलिस ने अब सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों की फोटो लाइक, शेयर व कमेंट करने वाले लोगों पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। जो भी युवक इनके सोशल मीडिया अकाउंट पर जाकर अपना रिएक्ट दे रहे है। उनको हिरासत में लिया जा रहा है। परिवार को बुलाकर भी चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है ताकि वह लोग गैंगस्टरों से प्रभावित होकर उनके बहकावे में न आ सके।
पूर्व पार्षद गिंदा मर्डर केस : सी डिवीजन पुलिस ने सारज मिंटू को लिया रिमांड पर
अमृतसर | गैंगस्टर सारज मिंटू का पुलिस रिमांड खत्म होने पर शनिवार को उसे अदालत में पेश किया। पेशी के दौरान थाना सी डिवीजन ने एप्लीकेशन देकर उसका प्रोडक्शन वारंट हासिल किया। अदालत ने सारज मिंटू को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। सारज मिंटू को थाना सी डिवीजन पुलिस ने पूर्व पार्षद गिंदा की मौत के मामले में रिमांड पर लिया है क्योंकि जब गिंदा को गोलियां मारी गई, उस समय सारज मिंटू के साथ गैंगस्टर बाबी मल्होत्रा के अलावा कुछ और भी लोग थे। इंस्पेक्टर रवि शेर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर सारज मिंटू ने 8 नंवबर 2016 को अपने साथी बाबी के साथ मिलकर गिंदा की हत्या की थी। तभी से वह इस मामले में वांटेड था।