बिजली बिल का बकाया जमा न कराने पर लाइनमैन सस्पेंड
माल मंडी में तैनात एक सहायक लाइनमैन को उपभोक्ता से ली गई रकम सालभर बाद भी जमा करवाकर उसे रसीद न देने और लोगों के घरों से उतारे गए मीटर ऑफिस में जमा नहीं कराने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया।
हालगेट सिटी सर्कल के एसई बालकिशन के अनुसार, अप्रैल 2017 में रसूलपुर के कलर क्वार्टरों में रहने वाले कश्मीर सिंह का बिजली बिल 50 हजार रुपए आया। उसने सहायक लाइनमैन किशन लाल को बिल जमा कराने के लिए रुपए दे दिए मगर उसने न तो बिल भरा और न रसीद दी। एक साल बाद भी रसीद न मिलने पर कश्मीर सिंह ने पावरकॉम के उच्चाधिकारियों से शिकायत की। जब इसका पता किशन लाल को चला तो उसने मार्च में 10 हजार रुपए की रसीद लाकर कश्मीर को दे दी। इससे मामला खुल गया।
इसके बाद सूचना मिली कि किशन लाल बिल न भरने वालों के मीटर उतार तो लेता है मगर उन्हें ऑफिस में जमा नहीं करवाता। एसई ने इसकी जांच एक्सईएन सुखबीर सिंह को सौंपी जिन्होंने एक दुकान से 11 मीटर बरामद किए। इनमें से 7 मीटर पिछले एक साल में अलग-अलग लोगों के घरों से उतारे गए थे। तीन मीटरों की जांच जारी है। एक्सईएन की रिपोर्ट पर एसई बालकिशन ने सहायक लाइनमैन किशन लाल को सस्पेंड कर दिया।
रसूलपुर में एक दुकान से मिले मीटरों की जांच करते अधिकारी।
आरोप बेबुनियाद, बेवजह सस्पेंड किया : किशन
किशन लाल ने कहा कि कश्मीर सिंह ने 10 हजार रुपये दिए थे जो किसी गलत खाते में जमा हो गए। अब मैंने अपने पास से 10 हजार रुपये जमा करवाकर रसीद दे दी है। बिजली के जो मीटर मिले हैं, वह मेरे नहीं हैं। मुझ पर लगे सभी आरोप बेबुनियाद है और मुझे बेवजह सस्पेंड किया गया है।