जो गुंडागर्दी अकाली-भाजपा के समय में थी, वह आज भी है : पन्नू
एसएसपी देहाती दफ्तर के बाहर धरना देते हुए किसान।
भास्कर न्यूज | अमृतसर
किसान संघर्ष कमेटी पंजाब के सैकडों किसानों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर एसएसपी देहाती दफ्तर के बाहर रोष प्रदर्शन किया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कमेटी के प्रधान सतनाम सिंह पन्नू और जनरल सेक्रेटरी सविंदर सिंह चुताला ने कहा कि अकाली-भाजपा के समय में भी नशा माफिया, महिलाओं के साथ धक्केशाही और गुंडागर्दी होती रही है। इसका नया चेहरा अब बदली हुई सरकार के समय में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा खत्म करने का दावा करने वाली कांग्रेस सरकार सिर्फ नशा करने वालों को ही पकड़कर जेल में डाल रही है। जबकि ऐसा करने से पंजाब में नशा खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसान मजदूरों से संबंधित शिकायतें 6 महीने से निपटारा नहीं हुआ है। बल्कि मौके के विधायक, ओएसडी के दबाव में नाजायज पर्चे आम किसानों मजदूरों पर किए गए है।
गांव विछोया के जगप्रीत सिंह, गांव तलवंडी नाहर के दपिंदर सिंह के खिलाफ नाजायज मामला दर्ज कर दिया गया। गांव कलेर बाला में दोषियों की ओर से पंचायती मिट्टी जबरन उठाकर छप्पड़ में फेंकने का पर्चा नहीं किया गया। गांव कलेर मांगट पर हुए पर्चे के चलते दोषियों के दबाव में उन्हें अदालत में ही पेश नहीं किया गया।