30 अप्रैल को मनाया जाएगा आयुष्मान भारत दिवस, डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ की बैठक
डिप्टी कमिश्नर कमलदीप सिंह संघा ने जिला परिषद हाल में सेहत विभाग की कारगुजारी की समीक्षा करने के लिए मीटिंग की। उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत गरीब परिवारों के 5 लाख रुपए तक सेहत बीमा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लाभपात्रियों की लिस्टें प्राप्त हो गई है और इन्हें वेरिफाई किया जा रहा है।
उन्होंने मीटिंग में हाजिर सभी डाक्टरों को कहा कि लिंग अनुपात में सुधार लाने के लिए ज्यादा जोर दिया जाए और गर्भ के दौरान होने वाली मौतों पर भी जोर देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी और प्राइमरी स्कूलों में मेडिकल कैंप लगाए जाएं और बच्चों की जांच पड़ताल की जाए। उन्होंने कहा कि गांव में गर्भवती महिलाओं को जागरूक किया जाए कि वह अपनी डिलीवरी सरकारी अस्पतालों में करवाए। इसके पश्चात डीसी की ओर से जिला बाल व सुरक्षा अधिकारी मनप्रीत कौर से मीटिंग करते हुए कहा कि 18 साल से कम बच्चों को काम करवाने वाली जगहों पर छापे मारे जान और कानून अनुसार बनती कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आदेश दिए कि स्कूल वाहनों की चेकिंग भी लगातार जारी रखी जाए और जो छोटे बच्चे सड़कों पर भीख मांगते है, उन पर भी बनती कार्रवाई की जाए। मीटिंग में एडीसी रविंदर सिंह, सिविल सर्जन डॉ. हरदीप सिंह घई, सहायक सिविल सर्जन डॉ. किरनजीत कौर, जिला परिवार व भलाई अधिकारी डॉ. सुखपाल सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. महेशपाल और डॉ. मदन मोहन के अलावा सभी सीनियर मेडिकल आफिसर उपस्थित थे।