विदेश भेजने का झांसा देकर ठगे एक लाख रुपए
अमृतसर | विदेश भेजने के नाम पर एक लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में थाना कथूनंगल पुलिस ने भूपिंदर सिंह, रजवंत कौर निवासी बटाला के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस शिकायत में हरपाल सिंह निवासी जैंतीपुर ने कहा कि आरोपियों के साथ उनका संपंर्क हो गया। आरोपियों ने उनके भतीजे शमशेर सिंह को दुबई भेजने और वहां पर सेटिंग करवाने का झांसा दिया। इसके बदले में आरोपियों ने उनसे एक लाख रुपए भी ले लिए। मगर काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने विदेश नहीं भेजा। वह जब भी आरोपियों से इस बारे में बात करते तो आगे से कुछ न कुछ कहकर टाल दिया जाता। कई महीने बीतने के बाद भी जब आरोपियों ने कार्रवाई न की तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। लेकिन आरोपियों ने देने से मना कर दिया। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए रेड की जा रही है।